‘सिंगल यूज प्लास्टिक’ से हरियाली की राह: इंदौर में 2.2 टन कचरे के बदले बांटे गए 4,000 से ज्यादा पौधे

Ads

'सिंगल यूज प्लास्टिक' से हरियाली की राह: इंदौर में 2.2 टन कचरे के बदले बांटे गए 4,000 से ज्यादा पौधे

  •  
  • Publish Date - August 31, 2026 / 08:45 PM IST,
    Updated On - August 31, 2026 / 08:45 PM IST

इंदौर (मध्यप्रदेश), 31 अगस्त (भाषा) लगातार आठ बार देश के सबसे स्वच्छ शहर का तमगा हासिल करने वाले इंदौर ने जन भागीदारी से ‘सिंगल यूज प्लास्टिक’ के निपटान और पर्यावरण संरक्षण का नया मॉडल पेश किया है।

अधिकारियों ने बताया कि नगर निगम द्वारा 20 से 31 अगस्त तक चलाए गए ‘आधा किलो प्लास्टिक लाएं, एक पौधा ले जाएं’ अभियान के तहत 12 दिनों में शहरवासियों ने 2,196 किलोग्राम ‘सिंगल यूज प्लास्टिक’ जमा कराया और इसके बदले निगम ने उन्हें 4,392 पौधे वितरित किए।

उन्होंने बताया कि यह अभियान 15 ‘रिड्यूस, रीयूज और रीसाइकिल’ (आरआरआर) केंद्रों के माध्यम से संचालित किया गया तथा इसके जरिये जमा ‘सिंगल यूज प्लास्टिक’ को निर्धारित पुनर्चक्रण प्रक्रिया से जोड़ा जाएगा।

महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा,‘‘सिंगल यूज प्लास्टिक के कचरे के उचित निपटान को हरियाली से जोड़ने वाली यह पहल नागरिकों को पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।’’

अभियान के समापन समारोह के दौरान भी नागरिकों और विद्यार्थियों ने 360 किलोग्राम ‘सिंगल यूज प्लास्टिक’ जमा किया जिसके बदले उन्हें 720 पौधे बांटे गए।

समारोह में महापौर ने अभियान में भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण में योगदान करने वाले लोगों को ‘ग्रीन वॉरियर मेडल’ से सम्मानित किया।

‘सिंगल यूज प्लास्टिक’ में वे प्लास्टिक वस्तुएं शामिल हैं जिन्हें आम तौर पर एक बार इस्तेमाल करने के बाद फेंक दिया जाता है। इनके इस्तेमाल से प्लास्टिक कचरा बढ़ता है जो लंबे समय तक नष्ट नहीं होता और मिट्टी, जल स्रोतों तथा पर्यावरण को नुकसान पहुंचाता है।

भाषा हर्ष

राजकुमार

राजकुमार