छात्र आंदोलन शुरू होने के पहले दिन ही प्रधान ने इस्तीफे की पेशकश कर दी थी: विजयवर्गीय

छात्र आंदोलन शुरू होने के पहले दिन ही प्रधान ने इस्तीफे की पेशकश कर दी थी: विजयवर्गीय

छात्र आंदोलन शुरू होने के पहले दिन ही प्रधान ने इस्तीफे की पेशकश कर दी थी: विजयवर्गीय
Modified Date: July 26, 2026 / 01:07 am IST
Published Date: July 26, 2026 1:07 am IST

इंदौर, 25 जुलाई (भाषा) मध्यप्रदेश के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने शनिवार को दावा किया कि तत्कालीन केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने दिल्ली में छात्र आंदोलन शुरू होने के पहले दिन ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के आलकमान के सामने मंत्री पद से इस्तीफे की पेशकश कर दी थी।

विजयवर्गीय ने इंदौर में संवाददाताओं से बातचीत में प्रधान की तारीफ करते हुए कहा कि उन्हें जो भी दायित्व सौंपा जाता है, वह उसे बड़ी ईमानदारी और समर्पण से निभाते हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘पहले दिन से जैसे ही (छात्र) आंदोलन शुरू हुआ था, प्रधान ने पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष से कहा कि अगर उन्हें ऐसा लगता है, तो वह (शिक्षा मंत्री के पद से) इस्तीफा दे देते हैं।’

विजयवर्गीय के मुताबिक भाजपा अध्यक्ष ने उस समय प्रधान को यह कहते हुए इस्तीफा देने के लिए मना कर दिया था कि जब तक इस बारे में कोई निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक वह इस्तीफा नहीं देंगे और किसी व्यक्ति से इस्तीफे की बात तक नहीं करेंगे।

भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव विजयवर्गीय ने कहा कि बाद में बनीं परिस्थितियों के चलते जब पार्टी ने प्रधान के इस्तीफे का निर्णय लिया, तो उन्होंने तुरंत इस्तीफा दे दिया।

उन्होंने कहा, ‘‘प्रधान के इस्तीफे से उन सब विदेशी ताकतों के मंसूबे खत्म हो गए जो बांग्लादेश और श्रीलंका की तरह भारत में हिंसा फैलाकर अस्थिरता पैदा करना चाहती थीं। इसलिए प्रधान ने जो काम किया है, उसके लिए मैं उनको बधाई भी देता हूं।’’

प्रधान के इस्तीफे को लेकर कांग्रेस नेताओं के जश्न मनाने पर विजयवर्गीय ने एक कहावत का इस्तेमाल करते हुए तंज कसा कि ‘पड़ोसी के घर में बच्चा पैदा होने पर कांग्रेस ढोलक बजा रही है।’

उन्होंने कहा, ‘‘छात्र आंदोलन में कांग्रेस की क्या भूमिका थी? बच्चों ने आंदोलन किया, वे (कांग्रेस) जाकर उसके पीछे खड़े हो गए। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बाद विपक्ष बिल्कुल निराश हो गया है और निराशा के पल में उन्हें आशा की एक किरण कॉकरोच जनता पार्टी में दिखी।’’

मंत्री ने पूछा कि क्या छात्र आंदोलन में किसी कांग्रेस नेता ने पुलिस का एक भी लट्ठ खाया है?

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा है कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने दीमक का काम करते हुए देश की शिक्षा व्यवस्था को अंदर से खोखला कर दिया है।

इस बयान पर पलटवार करते हुए विजयवर्गीय ने कहा, ‘‘मुझे राहुल गांधी की राजनीतिक विचारधारा और उनकी बुद्धि पर बहुत तरस आता है। मुझे लगता है कि उन्हें अभी जरा समझना पड़ेगा कि संघ है क्या?’’

उन्होंने कहा कि देश आज सही दिशा में जा रहा है और इसके पीछे संघ की मेहनत है।

भाषा हर्ष आशीष

आशीष


लेखक के बारे में