त्विषा शर्मा की मौत के मामले में पति समर्थ सिंह को जबलपुर में हिरासत में लिया गया

त्विषा शर्मा की मौत के मामले में पति समर्थ सिंह को जबलपुर में हिरासत में लिया गया

त्विषा शर्मा की मौत के मामले में पति समर्थ सिंह को जबलपुर में हिरासत में लिया गया
Modified Date: May 22, 2026 / 07:57 pm IST
Published Date: May 22, 2026 7:57 pm IST

जबलपुर (मप्र), 22 मई (भाषा) दहेज के लिए कथित तौर पर प्रताड़ित की गई और भोपाल में अपने ससुराल में पिछले सप्ताह मृत पाई गई त्विषा शर्मा के पति समर्थ सिंह को शुक्रवार शाम यहां पुलिस ने जिला अदालत परिसर से हिरासत में ले लिया।

समर्थ के वकील जयदीप कौरव ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि उनके मुवक्किल जिला न्यायालय में आत्मसमर्पण करने पहुंचे थे लेकिन जबलपुर पुलिस उन्हें हिरासत में लेकर ओमती थाने ले गई, जहां उन्हें भोपाल पुलिस को सौंपा जाएगा।

इससे पहले, जबलपुर जिला अदालत परिसर में नाटकीय घटनाक्रम देखने को मिला। समर्थ के जिला न्यायालय पहुंचने की खबर मिलते ही दर्जनों पत्रकार, कैमरामैन और फोटोग्राफर अदालत पहुंच गए।

इस दौरान त्विषा शर्मा के परिवार के सदस्य और उनकी कानूनी टीम भी अदालत परिसर में मौजूद थी।

इस मौके पर मीडिया ने समर्थ सिंह को घेर लिया और उनसे प्रतिक्रिया जानने की कोशिश की गई लेकिन वह सवालों से बचता रहा।

समर्थ सिंह के जिला न्यायालय पहुंचने की खबर मिलते ही त्विषा के पिता नवनिधि शर्मा और उनके वकील अनुराग श्रीवास्तव भी जिला न्यायालय पहुंचे एवं समर्थ सिंह के आत्मसमर्पण का विरोध किया।

श्रीवास्तव ने पत्रकारों से कहा कि समर्थ सिंह जिला न्यायालय में आत्मसमर्पण नहीं कर सकता है।

उन्होंने कहा, ‘उच्च न्यायालय के आदेश के मुताबिक वह अधीनस्थ न्यायालय (भोपाल) में आत्मसमर्पण करे या फिर इस मामले के जांच अधिकारी (आईओ) के सामने।’

ज्ञात हो कि इससे पहले समर्थ सिंह ने मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय में अग्रिम जमानत की अपनी याचिका वापस ले ली थी।

कौरव ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि समर्थ ने न्यायमूर्ति अवनींद्र सिंह की एकल पीठ से अपनी याचिका वापस ले ली है।

समर्थ के भाई सिद्धार्थ सिंह ने पिछले सप्ताह एक अधीनस्थ अदालत द्वारा उसकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज किए जाने के बाद एकल पीठ के समक्ष एक विविध आपराधिक मामला (एमसीआरसी) दायर किया था।

समर्थ की मां पूर्व न्यायाधीश और भोपाल उपभोक्ता आयोग की अध्यक्ष गिरिबाला सिंह को पिछले सप्ताह भोपाल की एक अदालत ने अग्रिम जमानत दे दी थी। मामले में दर्ज प्राथमिकी में उनका नाम भी है।

भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में 12 मई को अपने ससुराल में त्विषा शर्मा (33) फांसी पर लटकी पाई गई थी। मॉडल से अभिनेत्री बनी त्विषा के परिवार ने उसके ससुराल वालों पर दहेज के लिए बेटी को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है जबकि सिंह परिवार का दावा है कि वह ड्रग्स की आदी थी।

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता तथा दहेज निषेध अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत समर्थ सिंह और गिरिबाला सिंह के नाम से प्राथमिकी दर्ज की है।

पुलिस ने समर्थ सिंह की गिरफ्तारी के लिए सूचना देने वाले 30,000 रुपये का नकद इनाम देने की घोषणा की थी और उसके पासपोर्ट को रद्द करने के लिए अदालत पहुंची थी।

भाषा ब्रजेन्द्र राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में