महाराष्ट्र में गत दो साल में 86 हजार गुमशुदा महिलाओं और लड़कियों का पता लगाया गया : फडणवीस

Ads

महाराष्ट्र में गत दो साल में 86 हजार गुमशुदा महिलाओं और लड़कियों का पता लगाया गया : फडणवीस

  •  
  • Publish Date - February 24, 2026 / 06:29 PM IST,
    Updated On - February 24, 2026 / 06:29 PM IST

मुंबई, 24 फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को विधानसभा को सूचित किया कि पुलिस ने 2024 और 2025 में लापता हुई 86,228 महिलाओं और लड़कियों का पता लगा लिया है।

महाराष्ट्र का गृह विभाग भी संभाल रहे फडणवीस ने सदन को बताया कि गत दो वर्षों में लापता हुई 93,940 महिलाओं में से 67,458 का पता लगा लिया गया।

उन्होंने बताया कि इसी प्रकार, इस अवधि के दौरान लापता बताई गई 23,429 लड़कियों में से 18,770 को उनके परिवारों से मिला दिया गया।

फडणवीस के मुताबिक अकेले मुंबई में पुलिस ने 4,515 नाबालिगों के गुमशुदा होने की रिर्पोट दर्ज की और इनमें से 4,455 का पता लगा लिया। उन्होंने बताया कि नवी मुंबई में पुलिस ने गत दो साल की अवधि में 313 लड़कों और 627 लड़कियों का सफलतापूर्वक पता लगाया।

मुख्यमंत्री ने ‘ऑपरेशन मुस्कान’ की सफलता की भी सदन में जानकारी दी। यह अभियान शोषित और लापता बच्चों के बचाव पर केंद्रित है।

फडणवीस ने कहा, ‘‘जुलाई 2015 से दिसंबर 2024 के बीच, ऑपरेशन मुस्कान के 13 चरण लागू किए गए, जिसके परिणामस्वरूप 41,000 से अधिक बच्चों को बचाया गया। वर्तमान में, अभियान का 14वां चरण 20 जनवरी से 20 फरवरी 2026 तक पूरे राज्य में आयोजित किया गया और अब तक 1401 बच्चों को बचाया जा चुका है।’’

उन्होंने बताया कि नागपुर में दो साल की अवधि में 3,432 गुमशुदा महिलाओं और 723 लड़कियों का पता लगाया गया। रायगढ़ जिले में, पुलिस ने 2024 में 100 प्रतिशत सफलता दर हासिल की और गुमशुदा सभी 102 लड़कियों का पता लगा लिया।

भाषा धीरज माधव

माधव