इस्लामाबाद, एक जून (भाषा) ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने पाकिस्तान से क्षेत्रीय तनाव कम करने और मौजूदा युद्धविराम बनाए रखने के प्रयासों में अपनी भूमिका जारी रखने का अनुरोध किया है।
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर बताया कि उप प्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री इशाक डार से बातचीत में अराघची ने क्षेत्र की स्थिति पर चिंता जताई।
उन्होंने लेबनान में इजराइल द्वारा कथित युद्धविराम उल्लंघन और बेरूत के दक्षिणी उपनगरों पर संभावित हमले के इजराइल की सरकार के आदेश का उल्लेख किया।
अराघची ने क्षेत्रीय कूटनीति में पाकिस्तान की रचनात्मक भूमिका की सराहना करते हुए उससे तनाव कम कराने के प्रयास जारी रखने की अपील की।
वहीं, डार ने कहा कि मौजूदा समझौतों को टूटने से बचाने के लिए युद्धविराम का कायम रहना जरूरी है।
बयान के अनुसार, दोनों नेताओं ने संपर्क बनाए रखने पर सहमति जताई।
यह बातचीत ऐसे समय हुई है जब ईरान-अमेरिका और लेबनान से जुड़े संघर्षों के कारण क्षेत्रीय शांति प्रक्रिया दबाव में है।
भाषा
राखी वैभव
वैभव