मुंबई, 19 जून (भाषा) शिवसेना (उबाठा) नेता आदित्य ठाकरे ने शुक्रवार को अपनी पार्टी के बागी सांसदों को बेशर्म, कृतघ्न और भ्रष्ट करार देते हुए कहा कि इन सांसदों ने उन लोगों के साथ धोखा किया, जिन्होंने 2024 के लोकसभा चुनावों में उन्हें जीतने में मदद की थी।
पार्टी के छह सांसदों के बागी होने के बाद अपनी पहली प्रतिक्रिया में आदित्य ठाकरे ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि महाराष्ट्र इस गंदी राजनीति को बर्दाश्त नहीं करेगा।
ठाकरे ने कहा, ‘‘एक बार फिर हम गंदी राजनीति का एक चौंकाने वाला उदाहरण देख रहे हैं। ये बेशर्म, कृतघ्न और भ्रष्ट नेता, जो कुछ खास लोगों की वजह से 2024 में जीते थे, अब उन्हीं लोगों के साथ धोखा कर रहे हैं।’’
ठाकरे ने कहा कि चाहे वे कितने भी बहाने क्यों न बनाएं, सच तो यह है कि उन्होंने बेशर्मी से खुद को बेच दिया। महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री ने कहा, ‘‘उन्होंने (उन सांसदों ने) न सिर्फ खुद को बेचा, बल्कि इसके साथ ही अपनी प्रतिष्ठा, अपना नाम और अपने परिवार की साख को भी दांव पर लगा दिया।’’
शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के सांसद संजय दीना पाटिल, संजय देशमुख, संजय जाधव, भाऊसाहेब वाकचौरे, नागेश पाटिल-आष्टीकर और ओमप्रकाश राजे निंबालकर के महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली सत्तारूढ़ शिवसेना में शामिल होने की संभावना है।
ये सांसद बृहस्पतिवार को शिवसेना (उबाठा) संसदीय दल की बैठक में शामिल नहीं हुए, जिससे इन सभी के पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे का साथ छोड़ने की पुष्टि हो गई है।
आदित्य ठाकरे ने शिवसेना (उबाठा) के चुनाव चिह्न का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘इस अंधकार में प्रकाश फैलाने का कार्य हमारी मशाल ही करेगी।’’
भाषा आशीष दिलीप
दिलीप