मुंबई, छह अगस्त (भाषा) बिहार में हाल में संपन्न विधानसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के गढ़ माने जाने वाले बांकीपुर में जीत दर्ज कर चौंकाने वाले जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बृहस्पतिवार को महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार से मुलाकात की।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के पदाधिकारी संजय खोडके ने बताया कि राजनीतिक रणनीतिकार से नेता बने किशोर ने राकांपा प्रमुख सुनेत्रा पवार से दक्षिण मुंबई स्थित उनके सरकारी आवास ‘देवगिरी’ में मुलाकात की।
राकांपा नेता ने किशोर और पवार के बीच हुई बातचीत के बारे में कोई जानकारी साझा नहीं की।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल समेत कई नेताओं की चुनावी जीत की रणनीति तैयार कर चुके किशोर की इस साल जनवरी में बारामती में एक विमान दुर्घटना में सुनेत्रा पवार के पति और तत्कालीन उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन के बाद उनसे यह दूसरी मुलाकात है।
कुछ महीने पहले हुई पहली मुलाकात के बाद उनके बेटे और राकांपा नेता पार्थ पवार ने कहा था कि किशोर उनके परिवार के परिचित हैं।
बांकीपुर सीट पर उपचुनाव मौजूदा विधायक नितिन नवीन के राज्यसभा के लिए चुने जाने के बाद सीट खाली करने के कारण हुआ था। भाजपा ने इस सीट से युवा नेता नीरज कुमार सिन्हा को उम्मीदवार बनाया था, जिन्हें किशोर ने हराया।
भाषा अमित पवनेश
पवनेश