मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे के ‘मिसिंग लिंक’ पर सेल्फी लेने के लिए रुकने वालों पर होगी कार्रवाई : अधिकारी

Ads

मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे के ‘मिसिंग लिंक’ पर सेल्फी लेने के लिए रुकने वालों पर होगी कार्रवाई : अधिकारी

  •  
  • Publish Date - May 3, 2026 / 08:09 PM IST,
    Updated On - May 3, 2026 / 08:09 PM IST

मुंबई, दो मई (भाषा) महाराष्ट्र राजमार्ग पुलिस ने मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे के नवनिर्मित ‘मिसिंग लिंक’ मार्ग पर सेल्फी और तस्वीरें लेने के लिए रुकने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

‘मिसिंग लिंक’ की कुल लंबाई 13.3 किलोमीटर है। यह एक्सप्रेसवे के भोर घाट खंड के एक हिस्से को पार करती है तथा मुंबई और पुणे के बीच यात्रा की अवधि को 25-30 मिनट घटाती है। इसका उद्घाटन एक मई को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस द्वारा किया गया था।

महाराष्ट्र राज्य पथ विकास निगम (एमएसआरडीसी) द्वारा संचालित और ‘‘इंजीनियरिंग का चमत्कार’’ करार दी गई इस परियोजना में दो सुरंगें हैं और एक केबल पुल है जहां से विभिन्न घाटों की प्राकृतिक सुंदरता दिखती है। इस वजह से कुछ वाहन चालक तस्वीरें और सेल्फी लेने के लिए अपने वाहन रोक देते हैं।

राजमार्ग पुलिस ने सेल्फी लेने और तस्वीरें खींचने के लिए रास्ते में रुकने पर प्रतिबंध लगा दिया है और चेतावनी दी है कि उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना लगाया जा सकता है और यहां तक ​​कि आपराधिक मामले भी दर्ज किए जा सकते हैं।

एक अधिकारी ने बताया, ‘‘कई ऐसे मामले सामने आए हैं जहां यात्रियों ने तस्वीरें खींचने के लिए हाई-स्पीड कॉरिडोर पर अपने वाहन रोक दिए। इस तरह की हरकतें सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा पैदा करती हैं, क्योंकि इस मार्ग पर वाहन आमतौर पर 100-120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलते हैं। सड़क के बीच में अचानक रुकने से दुर्घटनाएं हो सकती हैं।’’

भाषा सुभाष रंजन

रंजन