यह तो बस ट्रेलर है, फ़िल्म अभी बाकी: शिवसेना (उबाठा) के छह सांसदों के पाला बदलने की चर्चा पर शिंदे

Ads

यह तो बस ट्रेलर है, फ़िल्म अभी बाकी: शिवसेना (उबाठा) के छह सांसदों के पाला बदलने की चर्चा पर शिंदे

  •  
  • Publish Date - June 19, 2026 / 10:36 PM IST,
    Updated On - June 19, 2026 / 10:36 PM IST

मुंबई, 19 जून (भाषा) शिवसेना (उबाठा) के छह सांसदों के प्रतिद्वंद्वी गुट में शामिल होने की चर्चाओं के बीच महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शुक्रवार को कहा कि यह तो सिर्फ ट्रेलर है, पूरी फिल्म अभी बाकी है।

शिवसेना के 60वें स्थापना दिवस पर पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए, शिंदे ने शिवसेना (उबाठा) प्रमुख उद्धव ठाकरे पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए कहा कि इस बात पर आत्ममंथन किया जाना चाहिए कि लोग उनका साथ क्यों छोड़ रहे हैं।

यहां आयोजित रैली में बागी गुट के छह में से कोई भी सांसद मौजूद नहीं था। ठाकरे का नाम लिए बिना शिंदे ने कहा कि भेड़िया, बाघ की खाल ओढ़ लेने से बाघ नहीं बन जाता।

शिंदे ने यह भी दावा किया कि ‘महायुति’ विधान परिषद के चुनावों में सभी 17 सीटें जीतेगी, जिनके लिए बृहस्पतिवार को वोटिंग हुई थी।

शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) इस समय गंभीर राजनीतिक संकट का सामना कर रही है। पार्टी के नौ लोकसभा सदस्यों में से छह- संजय दीना पाटिल, संजय देशमुख, संजय जाधव, भाऊसाहेब वाकचौरे, नागेश पाटिल-आष्टीकर और ओमप्रकाश राजे निंबालकर के महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली सत्तारूढ़ शिवसेना में शामिल होने की संभावना है।

ये सांसद बृहस्पतिवार को शिवसेना (उबाठा) संसदीय दल की बैठक में शामिल नहीं हुए, जिससे इन सभी के पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे का साथ छोड़ने की पुष्टि हो गई है।

पिछले चार साल में ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (उबाठा) दूसरी बार बड़ी बगावत का सामना कर रही है।

भाषा आशीष माधव

माधव पवनेश

पवनेश