आरएसएस संस्थापक के स्मारक पर नहीं गए अजित पवार, राकांपा ने कहा: ‘हमारा ध्यान विकास पर’
आरएसएस संस्थापक के स्मारक पर नहीं गए अजित पवार, राकांपा ने कहा: ‘हमारा ध्यान विकास पर’
मुंबई, 14 दिसंबर (भाषा) राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के संस्थापक के. बी. हेडगेवार के नागपुर स्थित स्मारक पर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के नहीं जाने के बाद राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने कहा कि वह राज्य के विकास के लिए महायुति में शामिल हुई है।
राकांपा के प्रवक्ता आनंद परांजपे ने कहा कि पार्टी की विचारधारा छत्रपति शाहूजी महाराज, महात्मा ज्योतिराव फुले और बी आर आंबेडकर जैसे समाज सुधारकों की प्रगतिशील सोच पर आधारित है।
उन्होंने कहा कि यह पहली बार नहीं है जब अजित पवार ने केशव बलिराम हेडगेवार के स्मारक पर जाने से परहेज किया है।
रविवार सुबह मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सत्तारूढ़ भाजपा एवं शिवसेना के विधायकों ने हेडगेवार के स्मारक पर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी, लेकिन अजित पवार और उनके नेतृत्व वाली राकांपा के नेता इस कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए।
इस समय नागपुर में महाराष्ट्र विधानमंडल का शीतकालीन सत्र जारी है। हर साल इस सत्र के दौरान भाजपा के मंत्री और विधायक रेशिमबाग में स्थित स्मृति मंदिर में आरएसएस के संस्थापक हेडगेवार और दूसरे सरसंघचालक एम.एस. गोलवलकर के स्मारक पर जाते हैं।
विधानसभा में 41 विधायकों वाली राकांपा की ओर से पिछले साल केवल विधायक राजू करेमोरे और राजकुमार बडोले स्मृति मंदिर पहुंचे थे।
राकांपा प्रवक्ता परांजपे ने दोहराया कि यह पहली बार नहीं है जब अजित पवार ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के संस्थापक के स्मारक पर जाने से दूरी बनाई है।
उन्होंने कहा, “हम अपने सिद्धांतों पर कायम हैं और हमारा ध्यान राज्य के विकास पर है।”
विपक्षी दल कांग्रेस के प्रवक्ता सचिन सावंत ने दावा किया कि राकांपा मंत्रिमंडल बैठकों में आरएसएस की “विचारधारा” सुन रही है और अगर पवार की पार्टी उससे सहमत नहीं होगी, वह सत्ता में नहीं रह सकती।
सावंत ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में आरएसएस की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि वह लोकतंत्र और संविधान को कमजोर करने वाली विचारधाराओं को बढ़ावा देता है।
शिंदे और शिवसेना विधायकों के हेडगेवार स्मारक जाने का जिक्र करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि उनका ध्यान “पैसा बांटकर सत्ता हासिल करने और संवैधानिक लोकतंत्र को नष्ट करने” पर है।
कांग्रेस नेता ने यह दावा भी किया कि सौ साल से अधिक समय से अस्तित्व में रहने के बावजूद आरएसएस अब तक यह स्पष्ट नहीं कर पाया है कि हिंदुत्व का वास्तविक अर्थ क्या है।
उन्होंने कहा, “कम से कम अब उन्हें स्पष्ट करना चाहिए कि हिंदुत्व वास्तव में क्या है।”
सावंत ने यह आरोप भी लगाया कि आरएसएस की बैठकों में बौद्धिक विमर्श कम और समाज में विभाजनकारी विमर्श फैलाने पर अधिक जोर दिया जाता है।
भाषा जोहेब सिम्मी
सिम्मी
लेखक के बारे में
Web Title: आरएसएस संस्थापक के स्मारक पर नहीं गए अजित पवार, राकांपा ने कहा: ‘हमारा ध्यान विकास पर’
महाराष्ट्र
और भी पढ़ें ›सीईसी ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा दे देना चाहिए : दीपके
01 Oct 2026 | 5:06 pmमुंडवा भूमि सौदे में क्या पार्थ पवार को लाभ नहीं हुआ : मुंबई उच्च न्यायालय ने पूछा
01 Oct 2026 | 4:39 pmपालघर में लड़की के पेय में नशीला पदार्थ मिलाकर यौन उत्पीड़न, दो किशोरों पर मामला दर्ज
01 Oct 2026 | 4:35 pmबहादुर पायलट स्मित मच्छार की मुंबई के पड़ोसियों और नेताओं ने की सराहना
01 Oct 2026 | 4:04 pmखबर महाराष्ट्र सीईसी दीपके दो
01 Oct 2026 | 4:01 pmखबर महाराष्ट्र सीईसी दीपके
01 Oct 2026 | 3:59 pmमुंबई तट के पास खड़े जहाज में चोरी के प्रयास के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से चार की मौत
01 Oct 2026 | 3:34 pmयवतमाल सहकारी बैंक से जुड़े धनशोधन मामले में ईडी की छापेमारी
01 Oct 2026 | 2:23 pm