महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री फडणवीस ने परियोजना मंजूरियों में तेजी लाने के लिए केंद्र से बातचीत की

Ads

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री फडणवीस ने परियोजना मंजूरियों में तेजी लाने के लिए केंद्र से बातचीत की

  •  
  • Publish Date - August 17, 2026 / 05:40 PM IST,
    Updated On - August 17, 2026 / 05:40 PM IST

मुंबई, 17 अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को कहा कि उन्होंने राज्य में लंबित पर्यावरण मंजूरियों में तेजी लाने और बड़ी औद्योगिक टाउनशिप की योजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए नयी दिल्ली में केंद्रीय मंत्रियों के साथ कई दौर की बातचीत की।

दिल्ली में पत्रकारों से बात करते हुए फडणवीस ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ उनकी “बहुत सार्थक बातचीत” हुई।

उन्होंने प्रधानमंत्री को केंद्र के साथ मिलकर जारी परियोजनाओं की जानकारी दी और उन्हें जल्द आगे बढ़ाने के लिए मदद मांगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से प्रस्तावित उत्तन-विरार कॉरिडोर पर भी चर्चा की, जिसके लिए राज्य सरकार ने जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी (जेआईसीए) को प्रस्ताव भेजा था।

उन्होंने कहा कि परियोजना की व्यापकता को देखते हुए सीतारमण ने जेआईसीए के साथ-साथ किसी अन्य बहुपक्षीय एजेंसी के जरिए भी धन जुटाने की संभावना तलाशने का सुझाव दिया।

उन्होंने कहा, “हमने इस विकल्प पर विचार करने पर सहमति जताई है। हम आने वाले समय में इस पर काम करेंगे। लेकिन सकारात्मक बात यह है कि अब हमारे पास आगे बढ़ने का एक संभावित रास्ता है और हम भविष्य में इस पर काम शुरू करना चाहते हैं।”

उत्तन-विरार परियोजना मुंबई महानगर क्षेत्र के लिए एक बड़ी संपर्क परियोजना है। राज्य ने पहले इस परियोजना की लागत करीब 87,427 करोड़ रुपये आंकी थी। इसके लिए जेआईसीए की मदद से वित्त जुटाने की योजना थी।

फडणवीस ने कहा कि उन्होंने केंद्रीय पर्यावरण एवं वन मंत्री भूपेंद्र यादव से भी मुलाकात की और राज्य की विभिन्न परियोजनाओं के लिए लंबित पर्यावरण तथा वन मंजूरियों का मुद्दा उठाया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सीतारमण और केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल के साथ एक और बैठक में केंद्र की मदद से विकसित की जा रही औद्योगिक टाउनशिप पर चर्चा होगी।

उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र दिल्ली-मुंबई औद्योगिक गलियारे के तहत शेंद्र-बिडकिन औद्योगिक टाउनशिप के लिए अतिरिक्त 8,000 एकड़ जमीन हासिल करने में केंद्र से मदद मांग रहा है।

उन्होंने कहा कि राज्य दिल्ली-नागपुर गलियारे के किनारे औद्योगिक टाउनशिप के लिए नागपुर जिले के सावनेर में भी 6,000 एकड़ जमीन हासिल कर रहा है।

फडणवीस ने कहा कि महाराष्ट्र मुंबई-बेंगलुरु कॉरिडोर पर एमआईडीसी विकसित करने के लिए भी मदद मांगेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्य को केंद्र की औद्योगिक पार्क योजना का लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पुणे मेट्रो लाइन-3 परियोजना का काम पूरा होने वाला है और अभी इसका परीक्षण किया जा रहा है।

फडणवीस ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को मेट्रो का उद्घाटन करने के लिए आमंत्रित किया है और उनसे जल्द तारीख देने का अनुरोध करेंगे।

भाषा

जोहेब मनीषा

मनीषा