बिहार में सड़क हादसे में मारे गए आंध्र प्रदेश के तीन तीर्थयात्रियों के परिजनों के लिए अनुग्रह राशि की घोषणा
बिहार में सड़क हादसे में मारे गए आंध्र प्रदेश के तीन तीर्थयात्रियों के परिजनों के लिए अनुग्रह राशि की घोषणा
अमरावती, आठ जून (भाषा) आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने बिहार के औरंगाबाद के पास सड़क हादसे में मारे गए राज्य के तीन तीर्थयात्रियों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।
अधिकारियों के अनुसार, नेल्लोर जिले के 46 तीर्थयात्रियों को लेकर जा रही बस रविवार देर रात एक अन्य वाहन से टकरा गई, जिससे तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और 15 अन्य घायल हो गए।
मुख्यमंत्री ने हादसे में गंभीर रूप से घायल लोगों को दो-दो लाख रुपये और मामूली रूप से घायल तीर्थयात्रियों को एक-एक लाख रुपये की वित्तीय सहायता देने की भी घोषणा की।
नायडू ने एक विज्ञप्ति में कहा, “राज्य सरकार बिहार बस हादसे में जान गंवाने वाले तीन तीर्थयात्रियों के परिवारों को पांच-पांच लाख रुपये की अनुग्रह राशि देगी। गंभीर रूप से घायल लोगों को दो-दो लाख रुपये और मामूली रूप से घायल लोगों को एक-एक लाख रुपये की वित्तीय सहायता दी जाएगी।”
विज्ञप्ति में कहा गया कि निजी बस एक जून को नेल्लोर जिले से काशी के लिए रवाना हुई थी। मृतकों में संगम के दो और आत्मकुर का रहने वाला एक व्यक्ति शामिल था।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ स्थिति की समीक्षा की और घायलों को आपात चिकित्सा सहायता तथा सर्वोत्तम उपचार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने अधिकारियों को बिहार सरकार के साथ समन्वय करने, पीड़ितों को सभी आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने और हादसे से प्रभावित तीर्थयात्रियों की उनके गृह स्थानों तक सुरक्षित वापसी की व्यवस्था करने का निर्देश दिया।
नायडू ने प्रभावित परिवारों को राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।
विज्ञप्ति में कहा गया कि सभी घायल तीर्थयात्रियों की हालत स्थिर है।
भाषा
राखी दिलीप
दिलीप

Facebook


