बिहार : औरंगाबाद में पारिवारिक विवाद में तीन बच्चों की हत्या

बिहार : औरंगाबाद में पारिवारिक विवाद में तीन बच्चों की हत्या

बिहार : औरंगाबाद में पारिवारिक विवाद में तीन बच्चों की हत्या
Modified Date: March 27, 2026 / 07:00 pm IST
Published Date: March 27, 2026 7:00 pm IST

औरंगाबाद, 27 मार्च (भाषा) बिहार के औरंगाबाद जिले में शुक्रवार की सुबह एक व्यक्ति ने अपने दो भतीजे और एक भतीजी की कथित तौर पर गला रेतकर हत्या कर दी। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक यह घटना जिले के हसपुरा थाना क्षेत्र स्थित खुठान गांव की है। इस घटना में आरोपी स्वयं भी घायल हो गया।

पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान गुड्डू पाल के पुत्र अनीश कुमार (10), आयुष कुमार (7) व अनुष्का कुमारी (5) के रूप में की गई है।

हसपुरा थाने के प्रभारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से बातचीत में कहा, “पारिवारिक विवाद के कारण आरोपी ने धारदार हथियार से गला रेतकर अपने दो भतीजों और एक भतीजी की हत्या कर दी।”

उन्होंने कहा, “शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले के अन्य पहलुओं का पता लगाने के लिए जांच जारी है।”

अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी ने खुद को भी घायल कर लिया था। उसे पहले इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया, बाद में बेहतर इलाज के लिए गया मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया।

दाउदनगर के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ)अशोक कुमार दास ने बताया कि इस वारदात में ‘दाब’ (बड़ा, भारी ब्लेड वाला घुमावदार धातु का चाकू) का इस्तेमाल किया गया।

उन्होंने कहा, “घटना से पहले आरोपी ने कमरे को अंदर से बंद कर लिया था। हमें अंदर जाने के लिए रोशनदान तोड़ना पड़ा।”

दास ने बताया कि आरोपी और उसका भाई दोनों ट्रेन के पैंट्री कार में काम करते हैं। आरोपी मंगलवार को घर लौटा था, जबकि उसका भाई राज्य से बाहर काम पर था।

भाषा

कैलाश रवि कांत


लेखक के बारे में