महाराष्ट्र विधानपरिषद चुनाव के लिए भाजपा ने पांच उम्मीदवारों के नाम घोषित किए

Ads

महाराष्ट्र विधानपरिषद चुनाव के लिए भाजपा ने पांच उम्मीदवारों के नाम घोषित किए

  •  
  • Publish Date - April 28, 2026 / 10:13 PM IST,
    Updated On - April 28, 2026 / 10:13 PM IST

मुंबई, 28 अप्रैल (भाषा) सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी ने अगले महीने होने वाले महाराष्ट्र विधान परिषद चुनावों के लिए मंगलवार को पांच उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की।

पार्टी ने 12 मई के द्विवार्षिक चुनावों के लिए सुनील विनायक कर्जतकर, माधवी नाइक, संजय नत्थूजी भेंडे, विवेक बिपिंदादा कोल्हे और प्रमोद शांताराम जठार को अपना उम्मीदवार बनाया है।

कर्जतकर पार्टी के एक अनुभवी कार्यकर्ता हैं, जिन्होंने अतीत में कुछ राज्य चुनावों के लिए रणनीतिकार की भूमिका निभाई है। वह एक समय भाजपा नेता दिवंगत प्रमोद महाजन के करीबी थे।

विवेक कोल्हे पूर्व पार्टी विधायक स्नेहलता कोल्हे के बेटे हैं।

संजय भेंडे 2024 में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के लोकसभा चुनाव के प्रभारी थे और वर्तमान में ‘नागपुर अर्बन कॉपरेटिव बैंक’ के अध्यक्ष हैं।

पार्टी की राज्य इकाई महासचिव माधवी नाइक को भी पार्टी ने राज्य विधानसभा के ऊपरी सदन के लिए मनोनीत किया है।

प्रमोद जठार सिंधुदुर्ग से हैं और पार्टी के पूर्व विधायक हैं।

नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 30 अप्रैल है। नामांकन पत्रों की जांच दो मई को होगी, जबकि नाम वापस लेने की अंतिम तिथि चार मई है।

मतदान 12 मई को सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक होगा और मतों की गिनती उसी दिन शाम पांच बजे होगी। चुनाव प्रक्रिया 13 मई तक पूरी होने की उम्मीद है।

भाषा

शुभम माधव

माधव