रायगढ़ में स्थानीय निकाय के अधिकारी के साथ मारपीट करने के आरोप में भाजपा पार्षद पर मामला दर्ज

Ads

रायगढ़ में स्थानीय निकाय के अधिकारी के साथ मारपीट करने के आरोप में भाजपा पार्षद पर मामला दर्ज

  •  
  • Publish Date - July 10, 2026 / 12:43 PM IST,
    Updated On - July 10, 2026 / 12:43 PM IST

मुंबई, 10 जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में महाड नगर परिषद के एक वरिष्ठ अधिकारी के साथ उनके कार्यालय में मारपीट करने के आरोप में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक पार्षद एवं दो अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान भाजपा पार्षद सूरज बामने, राकेश पाटिल और सागर सुर्वे के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार बुधवार को जब मुख्य अधिकारी धनंजय सदाशिव कोलेकर परिषद के प्रशासनिक भवन में अपने कार्यालय में काम कर रहे थे, तब कथित तौर पर तीन लोग वहां पहुंचे और उनसे वार्ड से जुड़े मुद्दों पर सवाल-जवाब किए।

पुलिस के मुताबिक इस बीच दोनों पक्षों के बीच बहस होने लगी जो बाद में मारपीट में बदल गई।

पुलिस का कहना है कि इस कथित हमले में कोलेकर घायल हो गए और उन्हें महाड ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया।

एक अधिकारी ने बताया कि कोलेकर की शिकायत पर महाद सिटी पुलिस ने बामने और अन्य के विरूद्ध भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया है।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसके साथ मारपीट और बदसलूकी की तथा गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।

पुलिस के अनुसार इस घटना के बाद नगर परिषद के कर्मचारियों ने विरोध-प्रदर्शन किया और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

भाषा

राजकुमार रंजन

रंजन