मुंबई, 28 अप्रैल (भाषा) भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा इस वर्ष ‘अल नीनो’ मौसम चक्र के कारण मानसून के सामान्य से कम रहने के पूर्वानुमान के बीच बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने 15 मई से पूरे शहर में 10 प्रतिशत पानी की कटौती किए जाने की मंगलवार को घोषणा की।
बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिडे ने मानसून पूर्व समीक्षा बैठक के बाद पत्रकारों से कहा कि शहर को पानी की आपूर्ति करने वाली सात झीलों में कुल जल भंडार 28.35 प्रतिशत है, जो भंडार छह जुलाई तक के लिए उपयुक्त है।
उन्होंने कहा कि नगर निकाय ने इस वर्ष बारिश को लेकर अनिश्चितता के मद्देनजर 15 मई से 10 प्रतिशत पानी की कटौती लागू करने का फैसला किया है, क्योंकि पूर्वानुमानों की माने तो ‘अल नीनो’ मौसम चक्र के कारण सामान्य से कम मानसून का संकेत मिल रहा है।
भिडे ने कहा कि नगर निकाय भाटसा बांध से 12.3 करोड़ घन मीटर और ऊपरी वैतरणा जलाशय से नौ करोड़ घन मीटर पानी का भंडार करने की योजना बना रहा है।
उन्होंने कहा कि अगर राज्य सरकार आरक्षित भंडार से पानी निकालने की अनुमति देती है और प्रस्तावित 10 प्रतिशत पानी की कटौती लागू की जाती है, तो उपलब्ध भंडार 17 अगस्त तक चल सकता है।
भाषा यासिर माधव
माधव