कनाडा और भारत आर्थिक समझौते पर बातचीत कर रहे हैं: प्रधानमंत्री कार्नी

Ads

कनाडा और भारत आर्थिक समझौते पर बातचीत कर रहे हैं: प्रधानमंत्री कार्नी

  •  
  • Publish Date - March 1, 2026 / 12:15 AM IST,
    Updated On - March 1, 2026 / 12:15 AM IST

मुंबई, 28 फरवरी (भाषा) कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने शनिवार को कहा कि उनका देश भारत के साथ एक व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते पर बातचीत कर रहा है, जिसका उद्देश्य 2030 तक दोनों देशों के बीच व्यापार को दोगुना करना है।

यहां ‘कनाडा-भारत फोरम’ को संबोधित करते हुए कार्नी ने कहा कि इस समझौते पर इस साल के अंत तक हस्ताक्षर होने की उम्मीद है।

कनाडा के प्रधानमंत्री चार दिवसीय भारत दौरे पर हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘यह हमारे दोनों देशों के लिए एक बहुत बड़ा अवसर है… लेकिन यह एक ऐसा मौका है जो अगले स्तर पर पहुंचने वाला है। हमें और भी ऊंचे लक्ष्य रखने चाहिए। हम ऐसा कर रहे हैं… और इसीलिए, पिछले साल मेरे चुनाव के तुरंत बाद, हमारी सरकार ने भारत के साथ अपने संबंधों को नवीनीकृत करने का प्रयास शुरू किया।’’

कार्नी ने कहा, ‘‘मैंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को कनाडा में आयोजित जी7 शिखर सम्मेलन में आमंत्रित किया था। कुछ हफ्तों बाद जब वह आए, तो हम सुरक्षा, ऊर्जा और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में फिर से बातचीत शुरू करने पर सहमत हुए। कुछ महीनों बाद जोहानिसबर्ग में आयोजित जी20 शिखर सम्मेलन में, मैंने और प्रधानमंत्री मोदी ने ऑस्ट्रेलिया के साथ महत्वपूर्ण खनिजों और प्रौद्योगिकी पर एक ऐतिहासिक साझेदारी की शुरुआत की।’’

भाषा देवेंद्र सिम्मी

सिम्मी