तिरुवनंतपुरम, 13 जून (भाषा) केरल के मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन और उनके परिवार के सदस्यों को जान से मारने की धमकी देने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
आरोपी की पहचान अट्टिंगल निवासी सोनी थॉमस के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार शाम छह बजकर 50 मिनट पर एक अज्ञात व्यक्ति ने तिरुवनंतपुरम सिटी जिला पुलिस कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (डीपीसीसी) में फोन कर दावा किया कि वह मुख्यमंत्री और उनके परिवार की हत्या कर देगा।
इस संबंध में एक प्राथमिकी में कहा गया है कि जब उससे इसका कारण पूछा गया तो कॉल करने वाले व्यक्ति ने कथित तौर पर कहा कि उसे सतीशन पसंद नहीं हैं।
अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी ने शाम छह बजकर 53 मिनट पर दोबारा फोन किया और फिर धमकी दी।
प्राथमिकी के अनुसार, फोन कॉल रिसीव करने वाले पुलिस अधिकारी के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने के साथ ही आरोपी ने यह भी पूछा कि मुख्यमंत्री की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं या नहीं।
इसके तुरंत बाद कैंटोनमेंट पुलिस ने मामला दर्ज कर उस फोन नंबर का पता लगाना शुरू किया। शनिवार सुबह पुलिस ने अट्टिंगल से थॉमस को हिरासत में ले लिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी जब ये फोन कर रहा था, तब वह शराब के नशे में था।
अधिकारियों ने बताया कि उसे आज अदालत में पेश किया जाएगा।
इस बीच, अधिकारियों ने बताया कि कन्नूर जिले के मय्यिल पुलिस थाने में भी एक अलग मामला दर्ज किया गया है। यह मामला थालिपरंबा के विधायक टी. के. गोविंदन को शुक्रवार को मिली जान से मारने की धमकी से संबंधित है।
पुलिस के अनुसार, गोविंदन को शाम करीब चार बजे फोन आया था, जिसमें कथित तौर पर उनके साथ गाली-गलौज की गई और उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई।
मय्यिल पुलिस थाने के अधिकारियों ने बताया कि फोन करने वाले व्यक्ति की पहचान कर ली गई है और उसके खिलाफ जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) से निष्कासित गोविंदन ने संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था और थालिपरंबा विधानसभा क्षेत्र से जीत हासिल की थी।
भाषा गोला शोभना
शोभना