मुंबई, 28 फरवरी (भाषा) भारत की चार दिवसीय यात्रा पर आए कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने शनिवार को ईरान पर अमेरिका द्वारा किए गए हमलों का समर्थन करते हुए उन्हें ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकने और अंतरराष्ट्रीय शांति एवं सुरक्षा के लिए खतरा बनने से बचाने की कार्रवाई बताया।
उन्होंने कहा कि कनाडा ‘‘इजराइल के आत्मरक्षा के अधिकार’’ की पुष्टि करता है।
मुंबई में कनाडा-भारत फोरम में उन्होंने कहा कि इस्लामिक गणराज्य ईरान पूरे पश्चिम एशिया में अस्थिरता और आतंकवाद का मुख्य स्रोत है।
उन्होंने कहा कि मानवाधिकारों के मामले में इसका रिकॉर्ड दुनिया में सबसे खराब है और इसे कभी परमाणु हथियार हासिल करने या विकसित करने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।
कार्नी ने कहा, ‘‘कनाडा और हमारे अंतरराष्ट्रीय साझेदारों ने ईरान से लगातार अपने परमाणु कार्यक्रम को समाप्त करने का आह्वान किया है, जिसमें कनानास्किस में जी7 शिखर सम्मेलन और पिछले सितंबर में संयुक्त राष्ट्र द्वारा प्रतिबंधों को फिर से लागू करना शामिल है। हमने 250 से अधिक ईरानी संस्थाओं पर प्रतिबंध लगाए हैं।’’
भाषा
देवेंद्र सिम्मी
सिम्मी