वसूली की कोशिश में सिविल इंजीनियर की हत्या : नर्स और उसका भाई गिरफ्तार

Ads

वसूली की कोशिश में सिविल इंजीनियर की हत्या : नर्स और उसका भाई गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - May 15, 2026 / 06:28 PM IST,
    Updated On - May 15, 2026 / 06:28 PM IST

ठाणे, 15 मई (भाषा) महाराष्ट्र के पालघर जिले के वसई में सिविल इंजीनियर की हत्या कर शव को ड्रम में भरकर नाले में फेंके जाने के एक महीने से अधिक समय बाद ठाणे पुलिस ने शुक्रवार को मामले का खुलासा करते हुए एक नर्स और उसके भाई को गिरफ्तार कर लिया।

मुंब्रा पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि सिविल इंजीनियर अरबाज खान (24) की हत्या कथित तौर पर जबरन वसूली की असफल कोशिश का नतीजा थी।

अधिकारी ने बताया, ‘‘डोंबिवली की एक निजी कंपनी में कार्यरत खान तीन अप्रैल को काम से संबंधित भुगतान लेने के लिए मुंबई के दादर जा रहा था, तभी वह लापता हो गया। इसके बाद उसके पिता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। कॉल रिकॉर्ड के विश्लेषण से पुलिस नर्स महजबीन शेख तक पहुंची, जिसके साथ खान के संबंध थे।’’

उन्होंने बताया कि मोबाइल फोन के तकनीकी विश्लेषण में खान की आखिरी लोकेशन वसई में मिली और यह भी पता चला कि उसी समय महजबीन भी उसी इलाके में मौजूद थी।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि खान का शव पांच अप्रैल को पालघर जिले में मुंबई-अहमदाबाद राजमार्ग पर विरार फाटा के पास सड़ी-गली अवस्था में मिला था।

उन्होंने कहा, ‘‘महजबीन ने खान को कुछ पैसे उधार दिए थे और वह अपनी राशि वापस चाहती थी। उससे पैसे वसूलने के इरादे से महजबीन और उसके परिजनों ने उसे वसई के एक सुनसान स्थान पर बुलाया। वहां उसके हाथ-पैर बांध दिए गए और पीवीसी पाइप से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी गई।’’

अधिकारी ने बताया कि आरोपियों ने बाद में खान के शव को एक ड्रम में भरकर वहां के एक नाले में फेंक दिया।

मुंब्रा पुलिस थाने के वरिष्ठ निरीक्षक अनिल शिंदे ने बताया कि महजबीन और उसके भाई तारिक शेख को सात मई को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका पति हसन और उसका सहयोगी मुजज्जम तालिब खान फरार हैं।

भाषा रवि कांत रवि कांत अविनाश

अविनाश