वाकोडे की मौत मामले में युवा कांग्रेस ने आईआईटी मुंबई के निदेशक और प्रोफेसर की गिरफ्तारी की मांग की

Ads

वाकोडे की मौत मामले में युवा कांग्रेस ने आईआईटी मुंबई के निदेशक और प्रोफेसर की गिरफ्तारी की मांग की

  •  
  • Publish Date - September 24, 2026 / 05:23 PM IST,
    Updated On - September 24, 2026 / 05:23 PM IST

मुंबई, 24 सितंबर (भाषा) कांग्रेस की युवा इकाई के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने छात्र साहिल वाकोडे की कथित आत्महत्या के मामले में आईआईटी मुंबई के निदेशक और एक प्रोफेसर की तत्काल गिरफ्तारी तथा निष्पक्ष जांच की मांग की।

चिब ने यहां संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि वाकोडे को संस्थान में जातिगत और मानसिक उत्पीड़न का सामना करना पड़ा तथा उस पर निराधार आरोप लगाए गए जिसके कारण उसने यह कदम उठाया।

वाकोडे (22) आईआईटी मुंबई में बीटेक द्वितीय वर्ष का छात्र था। वह 18 सितंबर की शाम छात्रावास के कमरे में फंदे से लटका मिला था। इससे कुछ घंटे पहले वाकोडे परीक्षा के दौरान कथित तौर पर मोबाइल फोन से चैटजीपीटी का इस्तेमाल करते हुए पकड़ा गया था।

वाकोडे के माता-पिता ने जातिगत भेदभाव और उत्पीड़न का आरोप लगाया है जबकि संस्थान ने इन आरोपों से इनकार किया है।

प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला को इस सप्ताह की शुरुआत में छात्रों के विरोध के बाद संस्थान के प्रशासनिक मामलों के डीन पद से हटा दिया गया था और छुट्टी पर भेज दिया गया था।

चिब ने मामले में आईआईटी मुंबई के निदेशक शिरीष केदारे और प्रोफेसर डूला की भूमिका का आरोप लगाते हुए दोनों की गिरफ्तारी की मांग की।

उन्होंने कहा कि संस्थान द्वारा स्वयं कराई गई जांच निष्पक्ष नहीं हो सकती।

चिब ने दावा किया कि पिछले सात महीनों में संस्थान में तीन छात्रों ने आत्महत्या की है। उन्होंने मांग की कि वाकोडे के लैपटॉप, मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में मौजूद डेटा उसके परिवार को जल्द से जल्द उपलब्ध कराया जाए, जो अपराध शाखा के पास है।

चिब ने कहा, ‘‘युवा कांग्रेस तब तक अपना संघर्ष जारी रखेगी जब तक साहिल को न्याय नहीं मिल जाता।’’

उन्होंने बताया कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने फोन पर वाकोडे के माता-पिता से बात की है और उनके प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए बेटे को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस की ओर से हरसंभव प्रयास जारी रखने का आश्वासन दिया है।

युवा कांग्रेस की मुंबई इकाई की अध्यक्ष जीनत शबरीन ने कहा कि वाकोडे प्रतिभाशाली छात्र था और उस पर लगाया गया नकल करने का आरोप निराधार है।

उन्होंने कहा कि बाद में संस्थान ने आरोप वापस लेते हुए माफी भी मांगी थी।

शबरीन ने दावा किया कि आईआईटी मुंबई में कई छात्रों ने जातिगत उत्पीड़न की शिकायत की है लेकिन अब उन्हें इस बारे में बोलने से रोका जा रहा है और करियर को लेकर दबाव तथा धमकियों का सामना करना पड़ रहा है।

चिब के नेतृत्व में युवा कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुंबई के संयुक्त पुलिस आयुक्त मनोज कुमार शर्मा से भी मुलाकात की और वाकोडे की मौत के लिए कथित रूप से जिम्मेदार लोगों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की।

भाषा

राखी नेत्रपाल

नेत्रपाल