राजनीतिक बदलावों के दौरान भारत से संबंध स्थिर रहेंगे : ब्रिटेन के कत्रिम बुद्धिमता मंत्री

Ads

राजनीतिक बदलावों के दौरान भारत से संबंध स्थिर रहेंगे : ब्रिटेन के कत्रिम बुद्धिमता मंत्री

  •  
  • Publish Date - June 28, 2026 / 07:26 PM IST,
    Updated On - June 28, 2026 / 07:26 PM IST

(अदिति खन्ना)

लंदन, 28 जून (भाषा) ब्रिटेन जब प्रधानमंत्री के तौर पर केअर स्टार्मर की जगह लेने वाले लेबर पार्टी के नए नेता के लिए तैयारी कर रहा है तब पार्टी के एक मंत्री ने कहा है कि इस राजनीतिक बदलाव के दौरान भी भारत के साथ ब्रिटेन के रिश्ते मजबूत बने रहेंगे।

स्टार्मर की शीर्ष टीम में शामिल, भारत में जन्मे कृत्रिम बुद्धिमता (एआई) मंत्री कनिष्क नारायण ने इस हफ्ते की शुरुआत में संसद भवन परिसर में ‘इंडिया ऑल पार्टी पार्लियामेंट्री ग्रुप’ (एपीपीजी) के उद्घाटन समारोह को संबोधित किया।

यह घटनाक्रम स्टार्मर के इस्तीफा देने की घोषणा के तुरंत बाद हुआ। इससे नेतृत्व में बदलाव का रास्ता साफ हो गया है और ऐसा लग रहा है कि अगले महीने ग्रेटर मैनचेस्टर के पूर्व मेयर एंडी बर्नहम निर्विरोध चुने जाएंगे।

लेबर पार्टी के सांसद नारायण ने कहा, “सवाल यह है कि राजनीति में बदलाव के इस दौर में नीतियां कितनी बनी रहेंगी; इस बारे में मुझे पूरा भरोसा है कि (भारत के साथ) हमारे गहरे रिश्तों में जो स्थिरता है, वह आने वाले महीनों और वर्षों में भी बनी रहेगी।”

उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि यह सिर्फ व्यक्तिगत आस्था की बात नहीं है, बल्कि इसके लिए साफ सबूत भी मौजूद हैं… लेबर पार्टी लंबे समय से भारत की पक्की दोस्त रही है…और इतिहास के हर दौर में उसने भारत का साथ दिया है।”

नारायण ने कहा, “यह पार्टी के लिए इस मामले में भी सच साबित हुआ है, जिसने न सिर्फ दिवाली तक मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) का वादा किया था, बल्कि उस तय दिवाली से काफी पहले ही इसे पूरा कर दिखाया और बाद में इसे मंजूरी भी दे दी।”

भाषा प्रशांत नेत्रपाल

नेत्रपाल