मुंबई, 29 अप्रैल (भाषा) मुंबई में निर्माणाधीन फ्लाईओवर स्थल पर ‘ड्रिलिंग’ मशीन के गिरने से एक पुलिस कांस्टेबल की मौत हो गई। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि यह दुर्घटना मंगलवार रात मानखुर्द इलाके में सायन-पनवेल राजमार्ग के पास जब कांस्टेबल संतोष गोपाल चव्हाण मोटरसाइकिल से घर जा रहे थे।
मानखुर्द थाने के एक अधिकारी ने बताया कि फ्लाईओवर का निर्माण कार्य चल रहा था तभी नींव खोदने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली ‘ड्रिलिंग’ मशीन पुलिसकर्मी पर गिर गई।
अधिकारी ने बताया कि गंभीर रूप से घायल चव्हाण को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
नेहरू नगर थाने में तैनात कांस्टेबल को चेंबूर स्थित पूर्वी नियंत्रण कक्ष में प्रतिनियुक्ति पर भेजा गया था।
अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जांच से पता चलता है कि उपकरण को ढीली मिट्टी पर रखा गया होगा, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई।
प्राधिकारियों ने कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और कथित लापरवाही के लिए ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने बताया कि अधिकारी ठेकेदारों और ‘साइट सुपरवाइजर’ की भूमिका की जांच कर रहे हैं।
इससे पहले फरवरी में मुंबई के मुलुंड इलाके में निर्माणाधीन मेट्रो रेल लाइन के पुल का एक हिस्सा कुछ वाहनों पर गिर गया था, जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन अन्य लोग घायल हो गए थे।
भाषा यासिर अविनाश
अविनाश