कॉर्पोरेट दिवाला समाधान प्रक्रिया मामला : ईडी ने 17 स्थानों पर छापे मारे

Ads

कॉर्पोरेट दिवाला समाधान प्रक्रिया मामला : ईडी ने 17 स्थानों पर छापे मारे

  •  
  • Publish Date - June 16, 2026 / 05:44 PM IST,
    Updated On - June 16, 2026 / 05:44 PM IST

मुंबई, 16 जून (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कॉर्पोरेट दिवाला समाधान प्रक्रिया से जुड़ी कथित अनियमितताओं के मामले में धनशोधन की जांच के तहत मंगलवार को महाराष्ट्र और दिल्ली में छापेमारी की कार्रवाई की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि मुंबई, खंडाला (महाराष्ट्र) और दिल्ली में सुरक्षा एसेट रिकंस्ट्रक्शन कंपनी लिमिटेड (एसएआरसीएल), सुरक्षा रियल्टी लिमिटेड, ख्याति रियल्टर्स प्राइवेट लिमिटेड, उनके प्रवर्तकों, निदेशकों और कर्मचारियों तथा यस बैंक के एक पूर्व कर्मचारी से जुड़े कुल 17 ठिकानों पर छापेमारी की गई।

ईडी की कार्रवाई पर प्रतिक्रिया के लिए संबंधित कंपनियों के प्रतिनिधियों से तत्काल संपर्क नहीं हो सका।

संघीय जांच एजेंसी के अधिकारियों ने बतया कि यह जांच मुख्य रूप से यस बैंक द्वारा ‘मैकस्टार मार्केटिंग प्राइवेट लिमिटेड’ नाम की कंपनी को कथित तौर पर धोखाधड़ी से दिए गए ऋण से जुड़ी है। उन्होंने बताया कि इसके अलावा, 2016-17 और 2017-18 के वित्तवर्ष में लिये गए कुछ अन्य ऋण की भी जांच की जा रही है।

अधिकारियों ने बताया कि छापेमारी का उद्देश्य ऐसे सबूत जुटाना है, जिनसे यह साबित हो सके कि एआरसी (एसेट रिकंस्ट्रक्शन कंपनियां) सांठगांठ कर राशि को इधर से उधर घूमाती थीं अर्थात ‘सर्कुलर’ लेन-देन करती थीं, साथ ही साबित किया जा सके कि गिरवी रखी गई संपत्ति का ‘धोखाधड़ी’ से अधिग्रहण, नीलाम होने वाली संपत्ति की कम कीमत लगाना, बढ़ा-चढ़ाकर और फर्जी दावे करना, राष्ट्रीय कंपनी विधि अधिकरण में लेनदारों के वोटिंग अधिकारों का उल्लंघन और कॉर्पोरेट दिवाला समाधान प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी जैसी अनियमितताएं होती थीं।

भाषा धीरज सुरेश

सुरेश