मुंबई, छह अप्रैल (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने स्वयंभू बाबा अशोक खरात के खिलाफ धनशोधन का मामला दर्ज किया है और जल्द ही उससे पूछताछ की जाएगी। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि संघीय एजेंसी के मुंबई क्षेत्रीय कार्यालय ने धन शोधन रोकथाम अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्रवर्तन मामला सूचना रिपोर्ट (ईसीआईआर) दर्ज की है।
अधिकारियों ने कहा कि ईडी ने खरात के खिलाफ महाराष्ट्र पुलिस द्वारा दर्ज की गईं कई प्राथमिकियों का संज्ञान लिया है।
उन्होंने बताया कि ईडी द्वारा जल्द ही उससे और उससे जुड़े कुछ अन्य लोगों से पूछताछ की जाएगी।
खुद को ज्योतिषी बताने वाले खरात को मार्च में तब गिरफ़्तार किया गया था, जब एक विवाहित महिला ने आरोप लगाया कि स्वयंभू बाबा ने उसके साथ तीन साल तक बार-बार बलात्कार किया।
राज्य पुलिस ने अब तक उसके खिलाफ कुल आठ प्राथमिकी दर्ज की हैं।
बाद में हुई एक जाँच में कई अपराधों का खुलासा हुआ, जिनमें यौन उत्पीड़न और ज़मीन, कुछ सहकारी ऋण समितियों में खाते खोलने तथा अन्य संपत्तियों से जुड़ी वित्तीय अनियमितताएँ शामिल हैं।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को नासिक में पत्रकारों से कहा, ‘‘खरात के सभी खातों की जानकारी हमारे संज्ञान में आ गई है, और उनके माध्यम से हुए लेन-देन की पहचान कर ली गई है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मेरा पक्का विश्वास है कि सभी अवैध संपत्तियों और गलत कार्यों के बारे में पता लग जाएगा।’’
भाषा नेत्रपाल दिलीप
दिलीप