मुंबई, 22 सितंबर (भाषा) निर्वाचन आयोग ने 78 सदस्यीय महाराष्ट्र विधान परिषद की पांच सीटों के लिए 23 अक्टूबर को द्विवार्षिक चुनाव कराने की मंगलवार को घोषणा की।
आयोग ने कहा कि मतगणना 27 अक्टूबर को होगी तथा पूरी चुनाव प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक खत्म हो जायेगी।
ये चुनाव छह दिसंबर, 2026 को निवर्तमान सदस्यों का कार्यकाल पूरा होने से खाली होने वाली सीटों को भरने के लिए कराये जा रहे हैं।
जिन सीट पर चुनाव होने जा रहे हैं, उनमें तीन स्नातक निर्वाचन क्षेत्र—औरंगाबाद, पुणे डिवीजन और नागपुर तथा दो अध्यापक निर्वाचन क्षेत्र—अमरावती और पुणे डिवीजन शामिल हैं।
जिन सदस्यों का कार्यकाल पूर हो रहा है उनमें- चव्हाण सतीश भानुदासराव (औरंगाबाद स्नातक सीट), अरुण गणपति लाड (पुणे स्नातक सीट), अभिजीत गोविंदराव वंजारी (नागपुर स्नातक सीट), सरनाइक किरण रामराव (अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र) और जयंत दिनकर आसगावकर (पुणे शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र) हैं।
चुनाव की अधिसूचना 29 सितंबर को जारी की जायेगी। नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख छह अक्टूबर है। नामांकन पत्रों की जांच सात अक्टूबर को होगी।
उम्मीदवार नौ अक्टूबर तक अपनी उम्मीदवारी वापस ले सकते हैं।
भाषा
राजकुमार नरेश
नरेश