राज्यसभा के पूर्व सदस्य डॉ. गोपालराव पाटिल का निधन

राज्यसभा के पूर्व सदस्य डॉ. गोपालराव पाटिल का निधन

राज्यसभा के पूर्व सदस्य डॉ. गोपालराव पाटिल का निधन
Modified Date: April 21, 2026 / 11:54 am IST
Published Date: April 21, 2026 11:54 am IST

लातूर (महाराष्ट्र), 21 अप्रैल (भाषा) राज्यसभा के पूर्व सदस्य और प्रख्यात बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. गोपालराव पाटिल का मंगलवार सुबह यहां निधन हो गया। वह 94 वर्ष के थे।

पाटिल के पारिवारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पाटिल ने यहां एक निजी अस्पताल में सुबह 7.12 बजे अंतिम सांस ली।

वह 1994 से 2000 के बीच भाजपा से राज्यसभा सदस्य थे और वाणिज्य, विदेश मामलों और रेलवे पर प्रमुख संसदीय समितियों में योगदान दिया।

पाटिल एक दूरदर्शी शिक्षाविद् भी थे। उन्होंने शिव छत्रपति शिक्षण संस्थान की स्थापना की, जो लातूर में राजर्षि शाहू कॉलेज का संचालन करता है।

तीन अक्टूबर, 1931 को धाराशिव जिले के कवथा गांव में जन्मे पाटिल ने हैदराबाद के उस्मानिया विश्वविद्यालय से चिकित्सा शिक्षा प्राप्त की और बाद में वह लातूर के सबसे सम्मानित बाल रोग विशेषज्ञों में से एक बने।

ग्रामीण क्षेत्रों में उनकी नि:शुल्क चिकित्सा सेवाओं के कारण स्थानीय लोग उन्हें प्यार से ‘देवमानुस’ कहते थे।

उन्होंने हैदराबाद के कुरनूल स्थित एक मेडिकल कॉलेज में प्राध्यापक के रूप में भी कार्य किया और कोल्हापुर जिले के कुरुंदवाड़ में मेडिकल ऑफिसर के रूप में भी सेवाएं दीं। बाद में उन्होंने इंडियन पीडियाट्रिक एसोसिएशन की एक शाखा की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और इसके पहले अध्यक्ष बने।

उन्हें बाल रोग विशेषज्ञ के रूप में उनके योगदान के लिए कई पुरस्कार भी प्रदान किए गए। पाटिल महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री विलासाराव देशमुख के रिश्तेदार थे।

उनके परिवार में पत्नी शांताबाई, एक बेटा और तीन बेटियां हैं।

भाषा शोभना मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में