ठाणे (महाराष्ट्र), 13 सितंबर (भाषा) ठाणे पुलिस ने रविवार को कल्याण के होटल में आयोजित एक पार्टी पर छापा मारकर 60 से अधिक पुरुषों और महिलाओं को हिरासत में लिया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि होटल में तेज संगीत, मद्यपान और संदिग्ध गैर-कानूनी गतिविधियों के साथ हो रही एक पार्टी के बारे में मिली गोपनीय जानकारी के आधार पर यह छापेमारी की गई।
अधिकारी ने कहा, ‘‘हमें पुख्ता जानकारी मिली थी कि होटल में जरूरी मंजूरी के बिना एक अनधिकृत पार्टी हो रही है। मौके से लगभग 65 लोगों को हिरासत में लिया गया। हमने गैर-कानूनी कार्यक्रम आयोजित करने को लेकर सात आयोजकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।’’
उन्होंने कहा कि इसके अलावा पुलिस नशीले पदार्थों के संभावित इस्तेमाल की जांच कर रही है और यह भी जांच कर रही है कि क्या उस जगह पर गैर-कानूनी पदार्थ पहुंचाये गये थे।
भाषा
राजकुमार देवेंद्र
देवेंद्र