मुंबई, 10 जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को कहा कि राज्य सरकार साइबर अपराध, मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), डिजिटल निगरानी और डेटा विश्लेषण का इस्तेमाल कर रही है।
विधानसभा में पिछले सप्ताह विपक्ष द्वारा लाए गए प्रस्ताव पर जवाब देते हुए गृह विभाग का जिम्मा संभाल रहे फडणवीस ने कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार पुलिस बल के आधुनिकीकरण के लिए भी कदम उठा रही है।
उन्होंने सदन को बताया कि अपराधों का विश्लेषण करने, संदिग्ध गतिविधियों की पहचान करने और खुफिया जानकारी जुटाने के लिए एआई का उपयोग किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने अपराधों का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करने, उनका विश्लेषण करने और उनकी निगरानी के लिए व्यवस्था लागू की है, जिससे पुलिस को संगठित अपराध से जुड़े नेटवर्क का अधिक प्रभावी ढंग से पता लगाने में मदद मिल रही है।
उन्होंने लोगों को आगाह करते हुए कहा कि वे ऑनलाइन संदेशों में भेजी गई एपीके फाइलें डाउनलोड न करें।
उन्होंने कहा कि साइबर अपराधी ऐसी फाइलों का इस्तेमाल करके लोगों की बैंकिंग संबंधी जानकारी, जैसे एटीएम पिन, सीवीवी नंबर और यूपीआई से जुड़ी जानकारी चुरा रहे हैं।
भाषा जोहेब पवनेश
पवनेश