ठाणे में बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, इमारत का एक हिस्सा ढहने से दो लोग घायल

Ads

ठाणे में बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, इमारत का एक हिस्सा ढहने से दो लोग घायल

  •  
  • Publish Date - July 5, 2026 / 12:12 PM IST,
    Updated On - July 5, 2026 / 12:12 PM IST

ठाणे/पालघर, पांच जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले में पिछले 48 घंटों से लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है, इसके कारण कई इलाकों में जलभराव हो गया, पेड़ गिर गए और एक इमारत का हिस्सा ढहने से दो लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि ठाणे क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ (आरडीएमसी) को पिछले 24 घंटे में कुल 93 शिकायतें मिलीं जिनमें पेड़ व उसकी टहनियां गिरने की 46, जलभराव की 24, परिसर की दीवार ढहने की आठ और भूस्खलन की एक घटना शामिल हैं।

अधिकारियों के अनुसार, ठाणे शहर, कल्याण, भिवंडी, उल्हासनगर, डोंबिवली और नवी मुंबई के कई निचले इलाकों में जलभराव हो गया जिससे कई लोग फंस गए।

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने अगले दो दिन तक क्षेत्र में भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है।

आरडीएमसी प्रमुख यासीन तडवी ने बताया कि शनिवार रात वागले एस्टेट क्षेत्र के किसान नगर स्थित 45 वर्ष पुरानी दो मंजिला तिवारी भवन की पहली मंजिल का एक हिस्सा ढह गया।

उन्होंने बताया कि उस समय वहां से गुजर रहे नूरी इस्लाम शेख (65) और सुरेश थापा (36) घायल हो गए। शेख के सिर और कंधे में चोटें आई हैं तथा उनका स्थानीय अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।

तडवी ने कहा, ‘‘घटना के बाद एहतियातन पूरी इमारत खाली करा ली गई। ऊपरी मंजिल के फ्लैट में रहने वाले एक परिवार को ठाणे महानगर पालिका (टीएमसी) के एक स्कूल में बनाए गए अस्थायी राहत शिविर में स्थानांतरित किया गया है।’’

एक अन्य घटना में शनिवार रात नवी मुंबई के बेलापुर स्थित शाहबाज गांव में पांच मंजिला अविघ्न सहकारी आवासीय सोसाइटी की पहली मंजिल की बालकनी का स्लैब गिर गया।

नवी मुंबई महानगर पालिका (एनएमएमसी) के एक अधिकारी ने बताया कि घटना के बाद एहतियातन इमारत के सभी 17 फ्लैट खाली करा लिए गए।

अधिकारी ने कहा, ‘‘इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। इमारत की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई है और परिसर को सील कर दिया गया है। विस्थापित अधिकांश निवासियों को नगर निगम की बसों से बेलापुर स्थित एनएमएमसी के वारकरी भवन में सुरक्षित पहुंचाया गया, जबकि अन्य अपने रिश्तेदारों के घर चले गए।’’

तडवी ने बताया कि रविवार सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटे में ठाणे शहर में 184.66 मिलीमीटर बारिश हुई। इस मानसून में अब तक कुल 948.71 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में 959.81 मिलीमीटर बारिश हुई थी।

जिला आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के विवेकानंद कदम ने बताया कि पड़ोसी पालघर जिले में भी रातभर लगातार बारिश हुई और राहत की बात है कि किसी अप्रिय घटना या जनहानि की सूचना नहीं है।

भाषा

खारी रंजन

रंजन