मुंबई, पांच जुलाई (भाषा) मुंबई में रविवार को हुई भारी बारिश के कारण छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उड़ानों का परिचालन एक घंटे तक प्रभावित हुआ। भारी वर्षा के कारण सड़कों पर जलभराव हो गया और पेड़ गिरने की घटनाएं हुईं, जिनमें एक व्यक्ति की जान चली गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने महानगर के लिए अत्यंत भारी वर्षा का ‘रेड अलर्ट’ जारी किया था, जहां पिछले 24 घंटों के दौरान कई इलाकों में 200 मिलीमीटर से अधिक और कुछ स्थानों पर 300 मिमी तक भारी बारिश दर्ज की गई है।
सूत्रों ने बताया कि भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा अधिकारियों को रविवार को एक घंटे के लिए उड़ानों का परिचालन अस्थायी रूप से रोकने के लिए मजबूर होना पड़ा।
इस वजह से इंडिगो की चार उड़ानें रद्द कर दी गईं और विभिन्न एयरलाइन की 13 उड़ानों को नजदीकी हवाई अड्डों पर भेजा गया। उन्होंने बताया कि खराब मौसम के कारण जिन 13 उड़ानों का मार्ग बदला गया था, वे बाद में मुंबई में सुरक्षित उतर गईं।
अदाणी समूह और भारतीय विमानन प्राधिकरण (एएआई) के संयुक्त स्वामित्व वाले मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे ने एक बयान में कहा, ‘सुबह लगभग 10.17 बजे, 42 नॉट (77.8 किमी प्रति घंटे की रफ्तार) तक की तेज हवाओं और भारी बारिश के कारण दृश्यता कम होने सहित प्रतिकूल मौसम की स्थिति ने हवाई पट्टी के संचालन को प्रभावित किया।’
निजी हवाई अड्डा संचालक ने बयान में कहा कि निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार, यात्रियों, विमानों और हवाई अड्डा कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हवाई पट्टी (रनवे) के संचालन को ‘अस्थायी रूप से स्थगित’ कर दिया गया था।
बयान में कहा गया कि मौसम की स्थिति में सुधार के बाद, एक घंटे के भीतर उड़ानों का परिचालन सामान्य हो गया।
विमानों की आवाजाही पर नजर रखने वाली वेबसाइट ‘फ्लाइटराडार24.कॉम’ के नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से प्रस्थान करने वाली लगभग 90 प्रतिशत उड़ानें औसतन 65 मिनट की देरी से रवाना हो रही थीं और आगमन वाली 45 प्रतिशत उड़ानें देरी से पहुंच रही थीं।
सप्ताह के भीतर इस तरह की दूसरी घटना में, कुर्ला इलाके में भारी बारिश के दौरान एक दुकान पर पेड़ गिर जाने से रविवार को 63 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई।
नगर निकाय के अधिकारियों ने बताया कि यह घटना दोपहर करीब 12.40 बजे कुर्ला पश्चिम के नौपाड़ा इलाके में हिंदी बीएमसी (बृहनमुंबई महानगरपालिका) स्कूल के पास हुई।
उन्होंने बताया कि मलबे से निकाले जाने के बाद यूनुस कुंडावाला को तुरंत फौजीया अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इससे पहले, 30 जून को चेम्बूर में एक चलती स्कूल बस पर पेड़ गिर जाने से 11 वर्षीय एक लड़के की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हो गए थे।
सोशल मीडिया पर रविवार को सामने आए वीडियो में महानगर के बांद्रा इलाके में उद्योगपति मुकेश अंबानी के सुरक्षा काफिले के सामने एक पेड़ गिरता हुआ दिखाई दिया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात बाधित हुआ।
बीएमसी के स्वचालित वर्षा मापक (रेन गेज) नेटवर्क के अनुसार, रविवार सुबह आठ बजे समाप्त हुए 24 घंटों के दौरान मुंबई के कई स्थानों पर 200 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई, जबकि कुछ जगहों पर यह आंकड़ा 300 मिमी से अधिक रहा।
सबसे अधिक 310.6 मिमी बारिश विक्रोली पश्चिम में बिल्डिंग प्रपोजल ऑफिस में दर्ज की गई, इसके बाद कोलाबा पंपिंग स्टेशन (306.6 मिमी) और विक्रोली में टैगोर नगर म्यूनिसिपल स्कूल (301.8 मिमी) का स्थान रहा।
भाषा सुमित सुभाष
सुभाष