मुंबई, 29 जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र सरकार ने बुधवार को घोषणा की कि दिग्गज संगीतकार पंडित हृदयनाथ मंगेशकर को ‘चित्रपति वी शांताराम लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड’, जबकि पटकथा लेखक सलीम खान को ‘स्वर्गीय राज कपूर लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड’ के लिए चुना गया है।
महाराष्ट्र के सांस्कृतिक मामलों के मंत्री आशीष शेलार ने बताया कि अभिनेता एवं निर्देशक प्रसाद ओक को ‘चित्रपति वी शांताराम विशेष योगदान पुरस्कार’ और मशहूर अभिनेत्री रानी मुखर्जी को ‘स्वर्गीय राज कपूर विशेष योगदान पुरस्कार’ से सम्मानित करने का फैसला लिया गया है।
ये प्रतिष्ठित पुरस्कार उन जानी-मानी हस्तियों को दिए जाते हैं, जिन्होंने अभिनय, संगीत, निर्देशन और फिल्म निर्माण के अन्य क्षेत्रों में अपने काम के जरिये मराठी और हिंदी सिनेमा को समृद्ध बनाने में असाधारण एवं दीर्घकालिक योगदान दिया है।
भाषा पारुल रवि कांत