पालघर, 11 मई (भाषा) महाराष्ट्र में पालघर जिले के वसई इलाके में एक मैदान से बिना सिर का मानव कंकाल और एक खोपड़ी बरामद हुई है। अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि पुलिस ने इस संबंध में जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, वसई के आनंद नगर स्थित एक मैदान में रविवार शाम कुछ लड़के खेल रहे थे, तभी उनकी नजर इन अवशेषों पर पड़ी। पिछले तीन दिनों के दौरान इस मैदान में आग लगने की घटनाएं हुई थीं।
एक अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस का एक दल तुरंत मौके पर पहुंचा और अवशेषों को जांच के लिए भेज दिया गया।
उन्होंने बताया कि घटनास्थल से कुछ सिक्के भी बरामद हुए हैं।
अधिकारी ने कहा कि पुलिस ने फिलहाल दुर्घटनावश मृत्यु का मामला दर्ज किया है और मामले की जांच की जा रही है।
भाषा सुमित वैभव
वैभव