मुंबई, 13 फरवरी (भाषा) अभिनेत्री मृणाल ठाकुर ने कहा है कि वह अपनी शादी की घोषणा करने से पीछे नहीं हटेंगी, लेकिन फिलहाल वह अपने जीवन में सही व्यक्ति के आने का इंतजार कर रही हैं।
पिछले महीने ऐसी खबरें आई थीं कि मृणाल दक्षिण भारतीय अभिनेता धनुष के साथ प्रेम संबंध में हैं और दोनों 14 फरवरी यानी ‘वैलेंटाइन डे’ पर शादी करने वाले हैं। हालांकि, इस बारे में दोनों में से किसी ने आधिकारिक रूप से कुछ नहीं कहा है।
उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ के साथ साक्षात्कार में कहा, “हां, शादी की योजना है और जब सही दिन, सही समय और सही व्यक्ति मेरे जीवन में आएगा, तो इसकी घोषणा सबसे पहले मैं अपने सोशल मीडिया हैंडल पर करूंगी।”
मृणाल रोमांटिक ड्रामा ‘दो दीवाने शहर में’ में नजर आएंगी।
अभिनेत्री ने कहा कि वह फिल्म में निभाए गए अपने किरदार रोशनी से खुद को जोड़कर देखती हैं, जो मानती है कि शादी सिर्फ करने के लिए नहीं करनी चाहिए।
उन्होंने कहा, “रोशनी कहती है, ‘करने के लिए नहीं करनी है।’ किसी को तो यह बात कहनी थी और मुझे खुशी है कि उसने यह कहा।”
मृणाल ने कहा कि आज की पीढ़ी सामाजिक दबाव या प्रतिष्ठा के बजाय सच्चे संबंध को प्राथमिकता देती है।
उन्होंने कहा, “पहले शायद लोगों के पास शादी करने के अलग-अलग कारण होते थे, लेकिन आज लोग इसलिए शादी करते हैं, क्योंकि वे करना चाहते हैं और सही व्यक्ति के साथ करना चाहते हैं।”
फिल्म “दो दीवाने शहर में” में मृणाल के साथ सिद्धांत चतुर्वेदी नजर आएंगे।
यह फिल्म रवि उदयवार द्वारा निर्देशित है और इसका निर्माण संजय लीला भंसाली तथा ज़ी स्टूडियोज ने किया है।
फिल्म 20 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
भाषा
राखी दिलीप
दिलीप