नवी मुंबई में 1.25 करोड़ रुपये मूल्य की आईएमएफएल जब्त, दो लोग गिरफ्तार

Ads

नवी मुंबई में 1.25 करोड़ रुपये मूल्य की आईएमएफएल जब्त, दो लोग गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - April 25, 2026 / 10:41 AM IST,
    Updated On - April 25, 2026 / 10:41 AM IST

ठाणे, 25 अप्रैल (भाषा) नवी मुंबई में एक ट्रक से 1.25 करोड़ रुपये मूल्य की भारत में निर्मित विदेशी शराब (आईएमएफएल) जब्त की गई और इसकी तस्करी के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि खुफिया सूचना के आधार पर महाराष्ट्र आबकारी विभाग के एक उड़न दस्ते ने शुक्रवार शाम करीब सवा पांच बजे ठाणे-बेलापुर रोड पर वाहन को रोका।

ठाणे-1 के राज्य आबकारी अधीक्षक प्रवीण तांबे ने कहा, ‘‘ट्रक में सीमेंट की बोरियां लदी हुई प्रतीत हो रही थीं लेकिन अच्छी तरह तलाशी लेने पर हमारी टीम को पता चला कि सीमेंट की बोरियों के नीचे आईएमएफएल छिपाई गई थी।’’

उन्होंने कहा कि शराब को वाहन के भीतर विशेष रूप से बनाए गए एक गुप्त हिस्से में छिपाया गया था।

तांबे ने बताया कि जब्त शराब की कीमत 1.25 करोड़ रुपये है।

उन्होंने बताया कि उसने गोवा में निर्मित विभिन्न ब्रांड के आईएमएफएल को जब्त किया गया जिसे केवल मध्यप्रदेश में बेचा जाना था।

अधिकारी ने बताया कि मामला दर्ज किया गया है और चालक सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

भाषा

सिम्मी खारी

खारी