जयंत पाटिल ने महाराष्ट्र सरकार से पेट्रोल-डीजल पर वैट हटाने की मांग की
जयंत पाटिल ने महाराष्ट्र सरकार से पेट्रोल-डीजल पर वैट हटाने की मांग की
मुंबई, 28 मई (भाषा) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के वरिष्ठ नेता जयंत पाटिल ने बृहस्पतिवार को महाराष्ट्र सरकार से पेट्रोल और डीजल पर वैट तथा अधिभार तत्काल वापस लेने की मांग की। उन्होंने दावा किया कि इससे ईंधन की कीमतें कम होंगी और बढ़ती महंगाई के बीच लोगों को राहत मिलेगी।
महाराष्ट्र के पूर्व वित्त मंत्री ने एक बयान में कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर बताया है कि ईंधन की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से आम लोग बुरी तरह प्रभावित हुए हैं और तुरंत राहत उपायों की आवश्यकता है।
पाटिल ने कहा कि खाड़ी देशों में जारी संघर्ष के कारण महाराष्ट्र एवं पूरे देश की आर्थिक स्थिति पर गंभीर दबाव पड़ा है। खाद्य तेल, सब्जियों और अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में तेज वृद्धि हुई है, जिसका सीधा असर आम नागरिकों पर पड़ रहा है।
राकांपा (शप) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया, ‘‘पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार वृद्धि महंगाई का बोझ बढ़ा रही है और इसने आम लोगों की कमर तोड़ दी है।’’
उन्होंने कहा कि पिछले 10 दिनों में ईंधन की कीमतों में चार बार बढ़ोतरी हुई है। मुंबई में पेट्रोल 111.12 रुपये प्रति लीटर और डीजल 96.86 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है।
पाटिल ने बताया कि महाराष्ट्र सरकार वर्तमान में पेट्रोल पर लगभग 25 प्रतिशत मूल्य वर्धित कर (वैट) और 10.12 रुपये प्रति लीटर अधिभार वसूल रही है। वहीं डीजल पर राज्यभर में लगभग 24 प्रतिशत वैट और तीन रुपये प्रति लीटर अधिभार लगाया जा रहा है।
उन्होंने मांग की कि राज्य सरकार पेट्रोल और डीजल पर वैट और अधिभार समाप्त करे। उनका दावा है कि ऐसा करने से ईंधन की कीमतें घटकर लगभग 70-80 रुपये प्रति लीटर तक आ सकती हैं और लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
भाषा गोला रंजन
रंजन

Facebook


