आंध्र प्रदेश के इतिहास में चार जून सदा याद किया जाएगा : मुख्यमंत्री नायडू
आंध्र प्रदेश के इतिहास में चार जून सदा याद किया जाएगा : मुख्यमंत्री नायडू
अमरावती, चार जून (भाषा) मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि चार जून आंध्र प्रदेश के इतिहास में एक यादगार मील का पत्थर है। उन्होंने याद दिलाया कि 2024 में इसी दिन मतदाताओं ने तेदेपा-भाजपा-जन सेना गठबंधन को निर्णायक जनादेश दिया, जिससे राज्य को ‘‘विनाश से विकास की ओर’’ ले जाने का मार्ग प्रशस्त हुआ।
तेलुगु देशम पार्टी, जन सेना और भाजपा के गठबंधन ने आंध्र प्रदेश विधानसभा में 164 सीटें जीतीं जबकि 2024 के चुनावों में वाईएसआर कांग्रेस केवल 11 सीटों तक सिमट गई। इन चुनावों के बाद नायडू चौथी बार आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री बने।
नायडू ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘चार जून, 2024… आंध्र प्रदेश के इतिहास में एक ऐसा दिन है जो सदा याद किया जाएगा। आज उस ऐतिहासिक दिन के दो साल पूरे हो गए हैं जब जनता ने राज्य को विनाश से विकास की ओर ले जाने का अभूतपूर्व फैसला सुनाया था।’’
उन्होंने कहा, ‘‘यह जीत हमारे लिए केवल सत्ता नहीं है; बल्कि यह जनता द्वारा हमें सौंपी गई एक बड़ी जिम्मेदारी है, जिसके तहत हमें राज्य का पुनर्निर्माण करना है।’’
तेदेपा प्रमुख नायडू ने कहा कि सरकार लोगों की आशाओं और आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए निरंतर काम कर रही है, जिसमें कल्याण, विकास और सुशासन उसके लक्ष्य हैं।
दूसरी ओर, जगनमोहन रेड्डी के नेतृत्व वाली वाईएसआर कांग्रेस ने राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन शुरू किया, जिसमें आरोप लगाया गया कि नायडू ने दो साल का कार्यकाल पूरा करने के बाद भी चुनावी वादों को पूरा नहीं किया है।
पार्टी ने एक प्रेस विज्ञप्ति में दावा किया, ‘‘गठबंधन सरकार ने सत्ता में आने के बाद अपने वादों को तोड़कर समाज के सभी वर्गों को धोखा दिया है।’’
भाषा शफीक मनीषा
मनीषा

Facebook


