(तस्वीरों के साथ)
मुंबई, 17 फरवरी (भाषा) फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और उनकी पत्नी ब्रिगेट मैक्रों ने मुंबई में भारत की कुछ प्रमुख फिल्मी हस्तियों के साथ मुलाकात की, जिसमें दोनों पक्षों के बीच सिनेमा, संस्कृति और सहयोग पर जीवंत चर्चा हुई।
ताज महल पैलेस होटल में दोपहर के भोज पर लगभग 12:30 बजे यह मुलाकात शुरू हुई जो दो घंटे तक चली। इसमें जोया अख्तर, शबाना आज़मी, मनोज बाजपेयी, अनिल कपूर, कबीर खान, नीरज घायवान, ऋचा चड्ढा और ग्रैमी पुरस्कार विजेता संगीतकार रिकी केज जैसी हस्तियां शामिल हुईं।
इस जीवंत चर्चा का केंद्र बिंदु यह था कि फ्रांस और भारत कैसे फिल्म उद्योगों के माध्यम से द्विपक्षीय सहयोग को गहरा कर सकते हैं और कहानी कहने के दायरे का विस्तार कर सकते हैं।
फ्रांसिसी प्रतिनिधिमंडल में शामिल केज ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि राष्ट्रपति मैक्रों ने भारतीय फिल्मकारों और अभिनेता-अभिनेत्रियों के साथ दोपहर का भोजन किया।
उन्होंने कहा, “सभी ने इस बारे में बात की कि हम फिल्म निर्माण के माध्यम से फ्रांस और भारत के बीच संबंधों को कैसे मजबूत कर सकते हैं और हम भारत में फ्रांसीसी कहानियों तथा फ्रांस में भारतीय कहानियों को कैसे बयां कर सकते हैं। हमने इस बात पर भी चर्चा की कि हम आर्थिक रूप से कैसे लाभ उठा सकते हैं और दोनों देशों के बीच संवाद स्थापित करने वाली अच्छी फिल्में कैसे बना सकते हैं।”
भोज में भारत और फ्रांस के लजीज पकवान परोसे गये, जो पारंपिक पाक कला और जीवंत स्थानीय स्वाद की बानगी पेश करते थे। मेहमानों को रैटातुई का भारतीय संस्करण पनीर भुर्जी डंपलिंग, स्ट्रॉबेरी से बने मीठे पकवान और कुल्फी का लुत्फ उठाने का मौका मिला।
अभिनेता अनिल कपूर इस भोज के दौरान आकर्षण का केंद्र रहे।
केज के मुताबिक, ब्रिगेट ने विमान यात्रा के दौरान इस बारे में बात की थी कि उन्हें 2008 की ऑस्कर अवॉर्ड फिल्म ‘स्लमडॉग मिलियनेयर’ कितनी पसंद है।
केज ने बताया कि इसलिए जब अनिल भोजन कक्ष में दाखिल हुए, तो उन्होंने तुरंत अभिनेता को मैक्रों दंपति से मिलवाया।
केज ने कहा, “अनिल कपूर से मिलकर मैडम ब्रिगेट मैक्रों बहुत खुश थीं। यह एक बड़ा संयोग था, क्योंकि कल विमान में वह फिल्म ‘स्लमडॉग मिलियनेयर’ के बारे में बात कर रही थीं कि उन्हें यह कितनी पसंद आई थी। आज जब अनिल कपूर अंदर आए, तो मैंने तुरंत उन्हें ब्रिगिट मैक्रों से मिलवाया और उन्होंने कहा : ‘वह फिल्म में थे।’”
अनिल ने ब्रिगेट का आभार जताते हुए कहा कि वह फ्रांस की प्रथम महिला के उनके काम की सच्चे दिल से तारीफ करने के कारण “भावविभोर” महसूस कर रहे हैं।
अभिनेता ने कहा, “इस मुलाकात को खास तौर पर यादगार बनाने वाली बात उनकी (फ्रांसीसी राष्ट्रपति की) पत्नी की गर्मजोशी और विनम्रता थी। वह बेहद दयालु और उदार हैं। मैं यह सुनकर बहुत खुश हुआ कि वह मेरे काम से कितनी प्रभावित हैं और मैंने जिन अंतरराष्ट्रीय फिल्मों में काम किया है, उनकी वह कितनी सराहना करती हैं।”
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निमंत्रण पर राष्ट्रपति मैक्रों ‘एआई इंपैक्ट समिट’ में हिस्सा लेने और द्विपक्षीय वार्ता करने के लिए 17 से 19 फरवरी तक भारत के दौरे पर हैं। यह भारत की उनकी चौथी और मुंबई की पहली यात्रा है।
भाषा पारुल पवनेश
पवनेश