महाराष्ट्र: ठाणे में मकान का एक हिस्सा ढहने से 12 वर्षीय बच्चे की मौत, दो लोग घायल

महाराष्ट्र: ठाणे में मकान का एक हिस्सा ढहने से 12 वर्षीय बच्चे की मौत, दो लोग घायल

महाराष्ट्र: ठाणे में मकान का एक हिस्सा ढहने से 12 वर्षीय बच्चे की मौत, दो लोग घायल
Modified Date: July 10, 2026 / 08:16 pm IST
Published Date: July 10, 2026 8:16 pm IST

ठाणे, 10 जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे पश्चिम में शुक्रवार को एक मकान का हिस्सा गिरने से 12 वर्षीय बच्चे की दबकर मौत हो गई जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

ठाणे महानगर पालिका के क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ (आरडीएमसी) के प्रमुख यासीन तड़वी ने बताया कि यह घटना अपराह्न करीब तीन बजकर 35 मिनट पर आजाद नगर इलाके में हुई।

उन्होंने बताया कि यह घटना मिशनरी चैपल चर्च के पास स्थित मद्रास चॉल में हुई।

स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि यह एक मंजिला मकान करीब 25 से 30 साल पहले बना बताया जा रहा है।

एक अधिकारी ने बताया, “इस मकान का एक हिस्सा अचानक गिरकर पास के एक घर पर जा गिरा, जहां एक परिवार के तीन सदस्य सो रहे थे। जयकुमार जायसवाल (12) को गंभीर चोटें आईं और उसे सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।”

अधिकारी ने बताया कि उर्मिला जायसवाल (35) व विनीत जायसवाल (नौ) के सिर में चोटें आई हैं और उनका फिलहाल मनपाड़ा स्थित टाइटन अस्पताल में इलाज जारी है।

उन्होंने बताया, “सावधानी के तौर पर मद्रास चॉल के आसपास के तीन मकानों को खाली करा दिया गया है। माजीवाड़ा वार्ड समिति, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और अतिक्रमण विभाग की ओर से आगे की संरचनात्मक जांच व मलबा हटाने का काम किया जा रहा है।”

अधिकारी ने बताया कि घटनास्थल पर तलाश एवं बचाव अभियान में दमकल की दो गाड़ियां, एक बचाव वाहन, एक आपदा प्रबंधन वाहन और एक एंबुलेंस शामिल थी।

भाषा जितेंद्र शफीक

शफीक


लेखक के बारे में