महाराष्ट्र: ठाणे शहर में रासायनिक पदार्थ से लदा कंटेनर पलटने से यातायात बाधित

Ads

महाराष्ट्र: ठाणे शहर में रासायनिक पदार्थ से लदा कंटेनर पलटने से यातायात बाधित

  •  
  • Publish Date - September 3, 2024 / 06:19 PM IST,
    Updated On - September 3, 2024 / 06:19 PM IST

ठाणे, तीन सितंबर (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे शहर में आधी रात को रासायनिक पदार्थ से लदा एक कंटेनर ट्रक पलट गया जिसके कारण घोड़बंदर मार्ग पर मंगलवार सुबह कई घंटों तक यातायात बाधित रहा। स्थानीय निकाय के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि यह घटना पाटलीपाडा पुल के पास की है और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

ठाणे महानगर पालिका (टीएमसी) में आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख यासीन तडवी ने बताया कि यह दुर्घटना रात करीब 12 बजकर 15 मिनट की है, जब 27 टन जलीय अमोनिया घोल ले जा रहा एक कंटेनर ट्रक पलट गया, जिससे रासायनिक पदार्थ फैल गया।

न्हावा शोवा से पंजाब जा रहा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। उन्होंने बताया कि अग्निशमन दल, क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ (आरडीएमसी) की टीम और दो हाइड्रा मशीनों सहित आपातकालीन सेवाओं को तुरंत घटनास्थल पर भेजा गया।

रासायनिक पदार्थ को भेजने वाली रासायनिक कंपनी को सूचित किया गया। तडवी ने बताया कि बचाव दल ने बाद में सड़क को साफ किया और करीब पांच घंटे बाद यातायात बहाल हुआ।

भाषा खारी माधव

माधव