मुंबई, 26 फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बृहस्पतिवार को डिजिटल माध्यम से तारदेव-नागपाड़ा-मुंबई सेंट्रल फ्लाईओवर का उद्घाटन किया।
यह फ्लाईओवर, दक्षिण मुंबई में पूर्व-पश्चिम दिशा को जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण मार्ग है, जो यात्रियों को सुगम वैकल्पिक मार्ग प्रदान करता है।
मुंबई सेंट्रल में 130 साल पुराने ब्रिटिश-युग के पुल को खतरनाक घोषित कर दिया गया था और बाद में उसे तोड़ दिया गया था।
अधिकारियों ने बताया कि नए फ्लाईओवर से, पिछले दो वर्षों से बाधित पूर्व-पश्चिम संपर्क बहाल होने और जहांगीर बोमन बहराम रोड (पूर्व में बेलासिस रोड), डॉ. दादासाहेब भडकामकर मार्ग (ग्रांट रोड), पाथे बापूराव मार्ग और महालक्ष्मी स्टेशन पुल पर यातायात जाम कम होने की उम्मीद है।
फ्लाईओवर की कुल लंबाई 333 मीटर है, जिसमें पूर्वी भाग में 138.39 मीटर, पश्चिमी भाग में 157.39 मीटर और रेलवे क्षेत्र के भीतर 36.90 मीटर का हिस्सा शामिल है।
उन्होंने बताया कि सड़क सात मीटर चौड़ी है और दोनों ओर पर्याप्त चौड़े फुटपाथ हैं।
फडणवीस ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से फ्लाईओवर का उद्घाटन किया। इस दौरान उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी उपस्थित थे।
यह फ्लाईओवर तारदेव, नागपाड़ा और मुंबई सेंट्रल रेलवे स्टेशन को जोड़ता है। बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) ने मुंबई सेंट्रल रेलवे स्टेशन के पास स्थित इस फ्लाईओवर को रिकॉर्ड 15 महीने और छह दिनों में पूरा किया।
नगर निगम ने एक विज्ञप्ति जारी कर बताया कि निविदा की शर्तों के अनुसार, निर्धारित समय सीमा से पहले अब भी चार महीने शेष हैं।
भाषा जितेंद्र मनीषा
मनीषा