मुंबई, 25 फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र कांग्रेस विधायक दल के नेता विजय वडेट्टीवार ने बुधवार को कहा कि राज्यपाल का राज्य विधानसभा में संबोधन में ‘पुरानी बातों को ही नए सिरे से दोहराकर प्रस्तुत किया गया’ था, जिसने एक भ्रामक तस्वीर पेश की।
सोमवार से शुरू हुए बजट सत्र की संयुक्त बैठक में राज्यपाल के संबोधन के लिए धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा में भाग लेते हुए वडेट्टीवार ने कहा कि सरकार कृषि ऋण माफी और बढ़ते भ्रष्टाचार जैसे प्रमुख मुद्दों को हल करने में विफल रही है।
उन्होंने विधानसभा में कहा, ‘राज्यपाल का भाषण पुरानी बातों को ही नए सिरे से दोहराकर प्रस्तुत किया गया था। सरकार ने राज्यपाल से राज्य की भ्रामक छवि प्रस्तुत करवाई।’
उन्होंने कहा कि यवतमाल और अमरावती जिलों में कर्ज के कारण किसानों द्वारा आत्महत्या का सिलसिला जारी है।
उन्होंने आगे कहा, ‘राज्यपाल के भाषण में कृषि ऋण माफी का कोई जिक्र नहीं था।’
वडेट्टीवार ने कहा कि सरकार कभी भी छत्रपति शिवाजी महाराज, सावित्रीबाई फुले, महात्मा ज्योतिराव फुले और बी. आर. अंबेडकर के आदर्शों का पालन नहीं करती है, बल्कि राज्य में सामाजिक मतभेद को बढ़ावा देती है।
स्वास्थ्य सेवा और बुनियादी ढांचे को लेकर सरकार को निशाना बनाते हुए उन्होंने कहा कि अर्थव्यवस्था को लेकर महत्वाकांक्षी दावे करने के बावजूद सरकार के पास एम्बुलेंस की मरम्मत के लिए धन की कमी है।
कांग्रेस नेता ने शिक्षा क्षेत्र को लेकर भी चिंता जताई और दावा किया कि राज्य में 2,200 से अधिक स्कूल शिक्षकों के बिना हैं और कई मराठी माध्यम के स्कूल बंद हो रहे हैं।
वडेट्टीवार ने कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार चरम पर है।
भाषा शुभम रंजन
रंजन