पालघर, 26 मार्च (भाषा) महाराष्ट्र के पालघर में धारदार हथियार से हमला कर अपने दोस्त की हत्या करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, यह घटना तुलींज थाना क्षेत्र के मोरेगांव इलाके के जीजय नगर में मंगलवार रात करीब 10.30 बजे हुई।
पुलिस ने बताया कि आरोपी पिंटु कुमार और उसका दोस्त शुभम तिवारी (30) शराब पी रहे थे, तभी दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई।
तुलींज थाने के एक अधिकारी ने बताया, ‘आरोपी ने अपने दोस्त पर धारदार हथियार से हमला किया, जिससे उसके सिर और गर्दन पर गंभीर चोटें आईं। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।’
उन्होंने बताया कि घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, हालांकि, पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया और बुधवार अपराह्न नालासोपारा से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
अधिकारी ने कहा, ‘घटना के कुछ घंटों के भीतर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।’
भाषा प्रचेता शोभना
शोभना