प्रेम प्रसंग को लेकर मिली धमकियों के बाद एक व्यक्ति ने आत्महत्या की

Ads

प्रेम प्रसंग को लेकर मिली धमकियों के बाद एक व्यक्ति ने आत्महत्या की

  •  
  • Publish Date - May 9, 2026 / 08:13 PM IST,
    Updated On - May 9, 2026 / 08:13 PM IST

लातूर, नौ मई (भाषा) महाराष्ट्र के लातूर जिले में 24 वर्षीय एक युवक ने अपने प्रेम प्रसंग को लेकर सोशल मीडिया पर मिल रही धमकियों के बाद कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ व्यक्ति को आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर चार लोगों को हिरासत में ले लिया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि मृतक तेजस घोडके लातूर के रेनापुर तालुका के मोरवाड निवासी थे। उन्होंने शुक्रवार शाम को यह कदम उठाया।

अधिकारियों ने बताया कि घोडके द्वारा कथित तौर पर लिखा गया एक ‘सुसाइड नोट’ भी बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, तेजस एक लड़की के साथ करीबी मित्रता थी, लेकिन हाल के दिनों में उनके बीच विवाद उत्पन्न हो गए थे। विवाद के बाद, आरोपियों ने इंस्टाग्राम के माध्यम से उन्हें कथित तौर पर धमकाना शुरू कर दिया और लगातार मानसिक दबाव डाला।

कथित उत्पीड़न को सहन न कर पाने के कारण, तेजस ने कथित तौर पर एक खेत में फंदे से लटकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या करने से पहले, उन्होंने कथित तौर पर एक नोट लिखा था जिसमें उन्होंने अपने मानसिक तनाव और मिल रही धमकियों का विवरण दिया था, जिसके कारण उन्होंने यह कदम उठाया।

मृतक के पिता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर, मोरवाड गांव के निवासी शिवाजी मोहिते, रोहन काले, नागेश गंगने, अशोक गंगने, पवन मोहिते, किंचक घोडके और रंजना घोडके के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना) के तहत रेनापुर पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को हिरासत में लिया है।

तेजस ने कथित सुसाइट नोट में लिखा है कि उन्हें आत्महत्या करने के लिए विवश होना पड़ा क्योंकि उन्हें कई इंस्टाग्राम अकाउंट से लगातार फोन और धमकी भरे संदेश मिल रहे थे।

उन्होंने आरोप लगाया कि उनके भाई और परिवार के सदस्यों को भी धमकियां दी गईं, जिनमें यह चेतावनी भी शामिल थी कि अगर वह नहीं मरा तो उन्हें नुकसान पहुंचाया जाएगा।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया।

पुलिस इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता पता लगाने के लिए जांच कर रही है।

मृतक के परिवार ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

भाषा

राखी माधव

माधव