मॉडल रिया अहीर ने मुंबई पुलिस से उनके खिलाफ दर्ज प्राथमिकी वापस लेने की अपील की

Ads

मॉडल रिया अहीर ने मुंबई पुलिस से उनके खिलाफ दर्ज प्राथमिकी वापस लेने की अपील की

  •  
  • Publish Date - August 19, 2026 / 10:51 PM IST,
    Updated On - August 19, 2026 / 10:51 PM IST

मुंबई, 19 अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में ‘जेन जी’ प्रदर्शन के दौरान पुलिस वाहन को रोकने के बाद चर्चा में आईं मॉडल रिया अहीर ने पुलिस से उनके खिलाफ दर्ज प्राथमिकी को वापस लेने की अपील की है।

अहीर ने साथ ही सोशल मीडिया पर उन्हें कथित तौर पर धमकी देने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की भी मांग की है।

मुंबई युवा कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) मनोज शर्मा से मुलाकात की और अहीर के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी और उनके ऑनलाइन उत्पीड़न को लेकर चिंता जताई।

युवा कांग्रेस के नेताओं के मुताबिक शर्मा ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि प्राथमिकी वापस लेने की प्रक्रिया जल्द ही शुरू की जाएगी और पुलिस अहीर को धमकी भरे संदेश भेजने के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान करने के लिए जांच करेगी।

अहीर ने शर्मा से मुलाकात के बाद कहा कि विरोध-प्रदर्शन के बाद से ही उन्हें सोशल मीडिया पर अपशब्द और धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

अहीर के साथ मुंबई पुलिस आयुक्त के कार्यालय गए प्रतिनिधिमंडल में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव हरगुन सिंह और मुंबई युवा कांग्रेस की अध्यक्ष जीनत शबरीन शामिल थे।

सिंह ने प्राथमिकी वापस लेने में हुई देरी पर सवाल उठाया और कहा कि विरोध प्रदर्शन में शामिल छात्रों के खिलाफ मामले वापस लेने के लिए पहले ही अधिसूचना जारी हो चुकी है।

दादर के शिवाजी पार्क में 22 जुलाई को बारिश के बीच हुए विरोध प्रदर्शन की एक वायरल तस्वीर में, अहीर हिरासत में लिए गए युवा प्रदर्शनकारियों को ले जा रहे पुलिस वाहन के सामने खड़ी दिखाई दे रही हैं।

भाषा धीरज वैभव

वैभव