महाराष्ट्र में एसआईआर का कार्यक्रम संशोधित, अंतिम सूची अब चार नवंबर को

Ads

महाराष्ट्र में एसआईआर का कार्यक्रम संशोधित, अंतिम सूची अब चार नवंबर को

  •  
  • Publish Date - August 19, 2026 / 08:01 PM IST,
    Updated On - August 19, 2026 / 08:01 PM IST

मुंबई, 19 अगस्त (भाषा) निर्वाचन आयोग ने महाराष्ट्र में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के कार्यक्रम में संशोधन किया है जिसके तहत दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की समयसीमा बढ़ा दी गई है। ऐसे में अब अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन में करीब एक माह की देरी होगी और इसे चार नवंबर को प्रकाशित किया जाएगा।

निर्वाचन आयोग ने 19 अगस्त को जारी आदेश में कहा कि संशोधित कार्यक्रम महाराष्ट्र के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुरोध पर विचार करने के बाद जारी किया गया है।

संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, मतदान केंद्रों का पुन:प्रबंधन और युक्ति संगत बनाने का काम 24 अगस्त तक पूरा किया जाएगा, जबकि प्रारूप मतदाता सूची 31 अगस्त को प्रकाशित होगी।

महाराष्ट्र में दस्तावेज एकत्र करने की प्रक्रिया 17 अगस्त को पूरी हो गई। इसके तहत बूथ स्तर के अधिकारियों (बीएलओ) ने घर-घर जाकर मतदाताओं से गणना प्रपत्र एकत्र किए। इस प्रक्रिया की समयसीमा पहले भी बढ़ाई गई थी और निर्वाचन आयोग ने इसे पूरा करने के लिए अतिरिक्त समय दिया था।

संशोधित कार्यक्रम के तहत मतदाताओं को प्रारूप मतदाता सूची के संबंध में दावे और आपत्तियां दर्ज कराने के लिए 31 अगस्त से 30 सितंबर तक का समय दिया गया है। यह अवधि पिछले कार्यक्रम की तुलना में 26 दिन बाद शुरू होगी। पुराने कार्यक्रम के अनुसार, प्रारूप मतदाता सूची पांच अगस्त को प्रकाशित होनी थी और दावे तथा आपत्तियां चार सितंबर तक दर्ज की जा सकती थीं।

नोटिस चरण और दावों तथा आपत्तियों का निस्तारण भी 31 अगस्त से 29 अक्टूबर तक चलेगा। मूल कार्यक्रम के अनुसार, यह प्रक्रिया 5 अगस्त से 3 अक्टूबर तक पूरी की जानी थी।

संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, अंतिम मतदाता सूची चार नवंबर को प्रकाशित की जाएगी। पहले इसके प्रकाशन की अंतिम तिथि सात अक्टूबर निर्धारित थी।

भाषा खारी पवनेश

पवनेश