मोदी मंगलवार को मंदिर का उद्घाटन करेंगे, ‘मुंबई समाचार’ की 200वीं वर्षगांठ कार्यक्रम में शामिल होंगे

Ads

मोदी मंगलवार को मंदिर का उद्घाटन करेंगे, ‘मुंबई समाचार’ की 200वीं वर्षगांठ कार्यक्रम में शामिल होंगे

  •  
  • Publish Date - June 13, 2022 / 07:35 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 07:46 PM IST

मुंबई, 13 जून (भाषा) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महाराष्ट्र के एक दिवसीय दौरे के दौरान मंगलवार को पुणे शहर के पास देहू में 17वीं सदी के संत तुकाराम महाराज को समर्पित एक मंदिर का उद्घाटन करेंगे और मुंबई में क्रांतिकारियों की गैलरी का अनावरण करेंगे।

एक आधिकारिक बयान में सोमवार को कहा गया कि प्रधानमंत्री 200 वर्षों से लगातार प्रकाशित होने वाले अखबार ‘मुंबई समाचार’ के ‘द्विशताब्दी महोत्सव’ में भी भाग लेंगे। बयान में कहा गया है कि पुणे में, मोदी दोपहर करीब पौने दो बजे देहू में जगतगुरु श्रीसंत तुकाराम महाराज मंदिर का उद्घाटन करेंगे।

भक्ति आंदोलन के एक प्रमुख नाम तुकाराम वारकरी संत और कवि थे। उन्हें ‘अभंग’ भक्ति कविता और आध्यात्मिक गीतों के लिए जाना जाता है। वह पुणे के पास देहू में रहते थे। उनकी मृत्यु के बाद एक शिला मंदिर बनाया गया था, लेकिन इसे औपचारिक रूप से मंदिर के रूप में तैयार नहीं किया गया था।

बयान में कहा गया है कि बाद में, प्रधानमंत्री दक्षिण मुंबई के राजभवन में जल भूषण भवन और क्रांतिकारियों की गैलरी का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स में ‘मुंबई समाचार’ के द्विशताब्दी महोत्सव में भी भाग लेंगे।

यह गुजराती अखबार 200 साल से प्रकाशित हो रहा है। बयान में कहा गया है कि अखबार की अनूठी उपलब्धि के लिये इस मौके पर एक डाक टिकट भी जारी किया जाएगा।

भाषा आशीष दिलीप

दिलीप