मुंबई, 23 जुलाई (भाषा) कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई ने बृहस्पतिवार को यहां उन सैकड़ों छात्रों के खिलाफ दर्ज ‘झूठे’ मामलों को वापस लेने की मांग की जिन्होंने नयी दिल्ली में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (कॉजपा) के नेतृत्व में चल रहे आंदोलन के समर्थन में विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया था।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल के नेतृत्व में पार्टी नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने इस संबंध में पुलिस महानिदेशक सदानंद दाते और मुंबई के पुलिस आयुक्त देवेन भारती को एक ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस की कार्य समिति के सदस्य नसीम खान और पार्टी की मुंबई इकाई के पूर्व प्रमुख भाई जगताप इस प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा थे।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि छात्र प्रदर्शनकारियों के खिलाफ हालिया पुलिस कार्रवाई के दौरान विद्यार्थियों को गैर-कानूनी तरीके से हिरासत में लिया गया, उनके खिलाफ झूठी प्राथमिकी दर्ज की गईं और उनकी निजता का उल्लंघन किया गया।
सपकाल ने ज्ञापन में आरोप लगाया कि 20 और 22 जुलाई को यहां प्रदर्शन स्थलों पर पहुंचने से पहले ही 500 से 700 विद्यार्थियों को एहतियातन हिरासत में ले लिया गया तथा कई विद्यार्थियों को मेट्रो स्टेशनों, सड़कों और यहां तक कि उनके घरों के बाहर से भी उठा लिया गया ।
कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि निषेधाज्ञा नहीं लगे होने के बाद भी पुलिस ने विद्यार्थियों के खिलाफ ‘झूठी’’ प्राथमिकियां दर्ज कीं। उसने पुलिस अधिकारियों पर विद्यार्थियों के मोबाइल फोन की गैर-कानूनी तरीके से जांच करने और उन्हें अपनी ‘लाइव लोकेशन’ साझा करने के लिए मजबूर करने का आरोप भी लगाया।
ज्ञापन में दावा किया गया कि धारावी, माहिम, जुहू, चेंबूर और दादर जैसे इलाकों के थानों में अभी भी 200 से 300 विद्यार्थी हिरासत में हैं।
तत्काल दखल की मांग करते हुए कांग्रेस ने हिरासत में लिए गए सभी विद्यार्थियों को रिहा करने, सभी प्राथमिकियां वापस लेने और कानूनी प्रक्रियाओं का उल्लंघन करने के आरोपी पुलिस अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करने की मांग की।
सपकाल ने कहा कि अगर पुलिस अधिकारियों ने सुधार के कदम नहीं उठाए तो कांग्रेस विद्यार्थियों के समर्थन में अपना आंदोलन जारी रखेगी।
अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि मुंबई पुलिस ने 18 जुलाई से चल रहे विरोध-प्रदर्शनों के सिलसिले में गैर-कानूनी तरीके से इकट्ठा होने और निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने के आरोप में 13 प्राथमिकी दर्ज की हैं और 400 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
भाषा राजकुमार नरेश
नरेश