मुंबई, पांच मार्च (भाषा) महाराष्ट्र के आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने प्रतिबंधित आतंकवादी संगठनों से जुड़ी दुष्प्रचार सामग्री को ऑनलाइन साझा करने के आरोप में मुंबई से एक इंजीनियरिंग छात्र को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी के अनुसार, इस मामले में दो अन्य व्यक्तियों से भी पूछताछ की जा रही है।
अधिकारी ने बताया कि प्रतिबंधित आतंकी संगठनों से जुड़ी संदिग्ध ऑनलाइन कट्टरपंथी गतिविधि की जांच के तहत एटीएस ने शहर में कई स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया था।
इसके बाद गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) के तहत मामला दर्ज किया गया और इंजीनियरिंग छात्र अयान शेख को हिरासत में लिया गया।
उन्होंने आगे बताया कि एटीएस ने लैपटॉप और मोबाइल फोन सहित इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए हैं, जिन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।
शेख पहले भी सोशल मीडिया और ‘एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग’ मंच पर प्रसारित चरमपंथी दुष्प्रचार से कथित रूप से जुड़े होने के कारण जांच एजेंसियों की नजर में आया था।
एटीएस को जैश-ए-मोहम्मद और इस्लामिक स्टेट जैसे प्रतिबंधित आतंकी संगठनों से संबंधित दुष्प्रचार सामग्री के प्रसार के बारे में विशिष्ट खुफिया जानकारी मिली थी।
अधिकारी ने बताया कि इस जानकारी के आधार पर सोमवार देर रात मुंबई के कुर्ला, गोवंडी और शिवाजी नगर स्थित विभिन्न परिसर में समन्वित तलाशी अभियान चलाया गया था।
उन्होंने कहा कि शेख के उपकरणों की जांच के दौरान जांचकर्ताओं को कथित तौर पर जैश-ए-मोहम्मद प्रमुख मसूद अजहर से जुड़े कई ऑडियो और वीडियो क्लिप मिले।
अधिकारी ने कहा, ‘शेख ‘एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग’ मंच और टेलीग्राम चैनलों पर सक्रिय था, जहां चरमपंथी सामग्री प्रसारित की जाती थी। कई चैट भी बरामद की गईं, जिनसे आतंकवादियों की भर्ती को बढ़ावा देने के प्रयासों का संकेत मिलता है। उसने कथित तौर पर चरमपंथी सामग्री साझा की, लोगों को भर्ती करने का प्रयास किया और संभवतः चरमपंथी गतिविधियों के लिए धन जुटाने में भी शामिल था।’’
अधिकारी ने बताया कि एटीएस को यह भी पता चला कि शेख ने कथित तौर पर दो अन्य युवकों, दोनों इंजीनियरिंग के छात्र और उसके करीबी दोस्त थे, को कट्टरपंथी सामग्री दिखाकर और उन्हें जैश-ए-मोहम्मद और आईएसआईएस के दुष्प्रचार वाले टेलीग्राम समूहों में जोड़कर प्रभावित करने की कोशिश की थी।
गोवंडी और कुर्ला में समन्वित छापेमारी के दौरान, अधिकारियों ने पाया कि दोनों युवकों ने शेख द्वारा साझा की गई चरमपंथी सामग्री देखी थी। हालांकि, जांचकर्ताओं ने कहा कि ये दोनों युवक किसी भी आतंकी गतिविधि में सक्रिय रूप से शामिल नहीं थे। उन्होंने बताया कि उनके बयान जारी जांच के तहत दर्ज किए गए हैं।
अधिकारी ने बताया कि शेख से कई घंटों तक पूछताछ की गई और इस दौरान उन्होंने कथित तौर पर विदेशी आकाओं और जैश-ए-मोहम्मद और आईएसआईएस जैसे प्रतिबंधित आतंकी संगठनों से जुड़े व्यक्तियों के साथ संदिग्ध संचार का खुलासा किया।
अधिकारियों ने बताया कि भारत भर के विभिन्न राज्यों के कई युवा और व्यक्ति इन ‘एन्क्रिप्टेड’ समूहों के सक्रिय सदस्य थे।
उन्होंने कहा कि आरोपी को शुक्रवार को मुंबई की एक विशेष अदालत में पेश किया जाएगा और जांच के आगे बढ़ने पर इस मामले में और गिरफ्तारियों से इनकार नहीं किया जा सकता है।
भाषा संतोष माधव
माधव