मुंबई, तीन जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र के मुंबई में शुक्रवार को लगातार बारिश जारी रही और शहर के कई इलाकों में केवल पांच घंटे में 70 मिलीमीटर (मिमी) से अधिक वर्षा दर्ज की गई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले 24 घंटों में ‘तेज से बहुत तेज’ बारिश का अनुमान जताया है।
नगर निकाय अधिकारियों के अनुसार, सबसे अधिक 73.8 मिमी बारिश बांद्रा में हुई। इसके बाद प्रभादेवी में 72.2 मिमी, बांद्रा पश्चिम में 70.8 मिमी और परेल में 69.4 मिमी बारिश दर्ज की गयी।
आईएमडी ने अगले 24 घंटों के दौरान शहर और उसके उपनगरों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया है।
मौसम विभाग ने बताया कि इसके साथ ही 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
शहर में शुक्रवार सुबह से लगातार बारिश हो रही है और बीच-बीच में तेज बारिश के कारण निचले इलाकों में पानी भर गया।
अधिकारियों ने हालांकि बताया कि मेट्रो, उपनगरीय रेलवे और बेस्ट बस सेवाएं सामान्य रूप से जारी हैं लेकिन यात्रियों ने जाम और लोकल ट्रेनों के देरी से चलने की शिकायत की।
अधिकारियों के अनुसार, मुंबई में बृहस्पतिवार मध्यरात्रि के बाद से ही लगातार भारी बारिश हो रही है।
उन्होंने बताया कि दादर, अंधेरी, गोरेगांव और परेल जैसे निचले इलाकों में जलभराव हुआ था, लेकिन सुबह तक पानी उतर गया।
सुबह के शुरुआती घंटों में बारिश की तीव्रता कम हो गई थी लेकिन सुबह आठ बजे के बाद मुंबई के कुछ हिस्सों में फिर से बारिश तेज हो गई।
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के अनुसार, शुक्रवार सुबह आठ बजे तक के 24 घंटे के दौरान शहर में 100 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई।
नगर निकाय ने बताया कि सबसे अधिक 150.2 मिमी बारिश वाडी बंदर क्षेत्र में दर्ज की गई। इसके बाद मालाबार हिल में 145.8 मिमी और सैंडहर्स्ट रोड क्षेत्र में 140.8 मिमी बारिश दर्ज की गई।
बीएमसी के अनुसार, पश्चिमी उपनगरों में अंधेरी स्थित मालपा डोंगरी नगर निगम विद्यालय में 136.6 मिमी बारिश दर्ज की गई।
वहीं, पूर्वी उपनगरों में सबसे अधिक 124 मिमी वर्षा पवई क्षेत्र में दर्ज की गई।
भारी बारिश के बीच बृहस्पतिवार को पश्चिमी उपनगर चांदीवली में एक व्यक्ति की ‘मैनहोल’ में गिरने से मौत हो गई।
यह इस सप्ताह बारिश से जुड़ी दूसरी मौत है।
इससे पहले मंगलवार को पूर्वी उपनगर चेंबूर में स्कूल की एक बस पर पेड़ गिरने से 11 वर्षीय एक बच्चे की मौत हो गई थी।
भाषा जितेंद्र नरेश
नरेश